बदायूं में भतीजों ने लाठी-डंडों से पीटकर चाचा की हत्या की
अमृत विचार बिसौली(बदायूं)। भतीजों ने खेत की मेड़ टूटने व फसल को कुछ नुकसान होने के विवाद में बुजुर्ग चाचा की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। मृतक के बेटे ने पांच चचेरे भाइयों के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी है। सीओ और इंस्पेक्टर ने गांव पहुंचकर मौका मुआयना किया। गांव में कोई अप्रिय घटना …
अमृत विचार बिसौली(बदायूं)। भतीजों ने खेत की मेड़ टूटने व फसल को कुछ नुकसान होने के विवाद में बुजुर्ग चाचा की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। मृतक के बेटे ने पांच चचेरे भाइयों के खिलाफ तहरीर पुलिस को दी है। सीओ और इंस्पेक्टर ने गांव पहुंचकर मौका मुआयना किया। गांव में कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए चौकसी बढ़ा दी गई है।
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव सिद्धपुर में 50 वर्षीय ऋषिपाल गुरुवार को खेत में सिंचाई के लिए ट्यूबवेल बनवा रहा था। ट्यूबवेल का सामान ट्रैक्टर से लाया जा रहा था। ऋषिपाल ने भाई विद्याराम के खेत से ट्रैक्टर निकाल दिया। इससे विद्याराम की गेहूं की फसल को कुछ नुकसान पहुंचा। इसको लेकर दोनों पक्षों में झगड़ा होने लगा।
उस वक्त गांव वालों ने हस्तक्षेप कर मामला निपटा दिया। शुक्रवार देर शाम ऋषिपाल खेत पर ही था। गिरीश, मनोहर, रूपेश व दो अन्य भतीजे खेत पर पहुंचे और झगड़ा करने के बाद लाठी-डंडों से चाचा ऋषिपाल को बुरी तरह पीट दिया जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक के बेटे धनवीर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
