Moradabad: सुबह बादल व कोहरा, दोपहर बाद सूरज ने बादलों की ओट से झांका

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। शनिवार को दिन की शुरुआत बादलों के साथ हुई, जिससे पूरे दिन सूरज के दर्शन नहीं हो सके। बादलों की आवाजाही से बारिश की संभावना बनी रही। ठंडी हवा ने ठिठुरन को और बढ़ा दिया। हालांकि, दोपहर बाद तीन बजे के करीब सूरज ने बादलों की ओट से झांका।

सुबह और दोपहर के समय मौसम पूरी तरह बदला रहा। धूप न निकलने के कारण सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर हलचल अपेक्षाकृत कम दिखाई दी। लोग जरूरी कार्यों के लिए ही घरों से बाहर निकले। मौसम की इस बेरुखी का असर बच्चों और बुजुर्गों पर विशेष रूप से रहा, जिन्हें ठंडी हवा से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी। दोपहर करीब तीन बजे के बाद धूप निकली, जो राहत देने में नाकाफी रही। वातावरण में ठंडक बनी रही और शाम होते-होते फिर से सिहरन बढ़ गई। 

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले कुछ दिनों से मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। कभी तेज धूप निकलती है तो कभी अचानक बादल छा जाते हैं, कहीं हल्की बारिश हो तो कहीं ठंडी हवा चलने से लोग परेशान हैं। इस अनिश्चितता ने लोगों की दिनचर्या को भी प्रभावित किया है। लोग मौसम को देखकर अपने कामकाज की योजना बना रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी बदलावों के कारण इस तरह की स्थिति बनी हुई है। आने वाले दिनों में भी मौसम के इसी तरह बदलते रहने की संभावना जताई जा रही है।

संबंधित समाचार