कानपुर : 4 दशक पुराने हत्या के मामले में वांछित 50 हजार का इनामी गिरफ्तार
कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर के कर्नलगंज क्षेत्र में वर्ष 1984 में हुयी हत्या के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उपायुक्त सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने यहां पत्रकारों को बताया कि 1984 में कर्नलगंज क्षेत्र में सुल्तान नामक व्यक्ति की हत्या कर दी गयी थी।
घटना के बाद शौकत नामक अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। वर्ष 1990 में जमानत पर रिहा होने के बाद वह फरार हो गया था। अभियुक्त अदालत की पेशी में भी नहीं आ रहा था। तत्कालीन पुलिस प्रमुख ने हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिये 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
मौजूदा पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने पुराने मामले का संज्ञान लेते हुये सर्विलांस और कर्नलगंज पुलिस की एक टुकड़ी को शौकत की गिरफ्तारी के लिये लगाया था। नतीजन आज सेन्ट्रल जोन सर्विलांस टीम और थाना कर्नलगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
