विकसित भारत और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का रोडमैप: केंद्रीय बजट को धामी ने बताया ऐतिहासिक और दूरदर्शी  

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने सोमवार को देहरादून के बलवीर रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केंद्रीय बजट को विकसित भारत और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी बजट बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट देश की आत्मा, आत्मविश्वास और विकासशील सोच को मजबूती प्रदान करता है। 

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बजट में पूंजीगत व्यय में की गई बढ़ोतरी से दीर्घकालिक विकास की मजबूत नींव रखी गई है। यह बजट आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के साथ-साथ भारत की रणनीतिक स्वायत्तता और संप्रभुता को भी सुदृढ़ करता है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट के तीन प्रमुख स्तंभ-संतुलित एवं समावेशी विकास, वंचित वर्गों का क्षमता निर्माण और सबका साथ-सबका विकास-दूरस्थ के माध्यम से सीमांत क्षेत्रों, गांवों, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों, बच्चों और वंचित वर्गों सभी के समग्र उत्थान का स्पष्ट मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने बताया कि टियर-2 और टियर-3 शहरों के विकास से उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार और हल्द्वानी जैसे शहरों को विशेष लाभ मिलेगा। 

हर जनपद में महिला छात्रावास की व्यवस्था से महिला सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण को नई मजबूती मिलेगी। ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस और विश्वास आधारित शासन से निवेश, रोजगार और जनभागीदारी को बढ़ावा मिलेगा। श्री धामी ने कहा कि पर्यटन क्षेत्र में किए गए विभिन्न और नीतिगत प्रावधानों से उत्तराखंड में रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे। आयुष, फार्मा, हथकरघा, खादी और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। 

ग्रीन एनर्जी पर विशेष फोकस से उत्तराखंड जैसे पर्वतीय व वन संपदा से समृद्ध राज्य में ग्रीन इकोनॉमी को बल मिलेगा। इसी तरह 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुरूप उत्तराखंड के हितों का ध्यान रखा गया है। राज्य सरकार द्वारा समय-समय पर केंद्र सरकार को दिए गए प्रस्तावों और अनुरोधों को भी बजट में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सम्मिलित किया गया है, जो राज्य-केंद्र के सहयोगात्मक संघवाद का सशक्त उदाहरण है। 

ये भी पढ़ें : 
वाराणसी : देश संविधान से चलता, किसी शंकराचार्य के बयान से नहीं...सर्किट हाउस पहुंचे ओमप्रकाश राजभर ने कहा

संबंधित समाचार