Moradabad: मौसम का यू टर्न...सूरज ओझल, कोहरे व पाले से बढ़ी ठिठुरन

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मंगलवार को मौसम ने एक बार फिर अपना मिजाज बदलते हुए लोगों को ठंड का अहसास कराया। पूरे दिन सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए, जिससे वातावरण में ठिठुरन बनी रही। सुबह घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी हुई। 

लोग देर से घरों से निकले और कई स्थानों पर वाहनों  की रफ्तार भी कोहरे के चलते प्रभावित हुई। दो दिन धूप निकलने से लोग ठंड की विदाई मान रहे थे लेकिन अचानक मौसम पलटने से लोग स्वेटर, जैकेट पहन कर निकले। सुबह करीब 11 बजे तक पाला गिरता रहा, जिससे ठंड और अधिक बढ़ गई। खेतों, छतों और खुले स्थानों पर जमी सफेद परत दिखी। पाले के कारण सब्जी उत्पादक किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि यदि इसी तरह पाला पड़ता रहा तो आलू, सरसों और हरी सब्जियों की फसल को नुकसान पहुंच सकता है।

दिन भर धूप न निकलने से ठिठुरन का असर साफ नजर आया। लोग गर्म कपड़ों में लिपटे रहे और अलाव का सहारा लेते दिखाई दिए। बाजारों, चौराहों और ग्रामीण क्षेत्रों में जगह-जगह लोग आग जलाकर ठंड से बचाव करते रहे। खासकर बुजुर्गों और बच्चों पर ठंड का असर ज्यादा देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि तापमान बहुत नीचे नहीं गया, लेकिन धूप न निकलने और नमी बढ़ने के कारण ठंड ज्यादा महसूस की गई।

अगले कुछ दिनों तक सुबह और रात में रहेगी ठंड
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले कुछ दिनों तक सुबह और रात के समय ठंड बनी रह सकती है। ठंड बढ़ने से अस्पतालों में सर्दी, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। चिकित्सकों ने लोगों को सलाह दी है कि ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनें, सुबह के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।

संबंधित समाचार