NSUI छात्रों ने कुलपति कार्यालय में की नारेबाजी, दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ उपाध्यक्ष का भाषण नहीं होने से छात्र हुए नाराज
लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ विश्वविद्यालय में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के उपाध्यक्ष राहुल झांसला के साथ प्रस्तावित छात्र संवाद कार्यक्रम नहीं होने से एनएसयूआई से जुड़े छात्र नाराज हो गए। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन के इशारे पर भारी पुलिस बल तैनात कर कार्यक्रम को रोक दिया गया। इस दौरान कई छात्रों को हिरासत में लेकर बसों में बैठा दिया गया। इसके बाद आक्रोशित एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और कुलपति कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए।
छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों को अपराधियों की तरह देख रहा है और परिसर में लोकतांत्रिक माहौल खत्म किया जा रहा है। छात्रों ने आरोप लगाया कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर ताला लगाया जा रहा है। छात्र विशाल सिंह, अहमद रजा, शुभम, अंकुश, हर्षित, अखिलेश, बिलाल, सुधांशु और अभिषेक ने कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ के उपाध्यक्ष का कार्यक्रम पहले से तय था, इसके बावजूद प्रशासन ने इसे नहीं होने दिया। छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय प्रशासन का यह रवैया तानाशाहीपूर्ण है, जिसके खिलाफ उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। छात्रों ने कहा कि उनकी आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
