Bareilly: अवैध निर्माण पर पांच घंटे गरजता रहा रेलवे का बुलडोजर तो मची खलबली 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। रेलवे ने अपनी जमीन से कब्जा हटवाने के लिए मंगलवार को पांच घंटे अभियान चलाया। 150 मकान से अवैध कब्जा हटाकर बुलडोजर से निर्माण ध्वस्त कराया। कब्जे करने वालों में खलबली मची रही। इस दौरान इज्जतनगर मंडल की आरपीएफ, जीआरपी के साथ बारादरी पुलिस भी मौजूद रही। बताया जा रहा है कि तीन दिवसीय अभियान में बुधवार और गुरुवार को भी टीम रेलवे की जमीन से अवैध कब्जे हटवाएगी।

शहामतगंज से इज्जतनगर रेलवे वर्कशॉप तक जाने वाली रेल लाइन पर 50 साल पहले बाबू ट्रेन का संचालन होता था। लेकिन ट्रेन का संचालन बंद होने से रेलवे की सैकड़ों बीघा जमीन पर अवैध कब्जे हो गए। शहामतगंज रेलवे स्टेशन भी अवैध कब्जों में दफन हो गया। लोगों ने अवैध कब्जे कर पक्के निर्माण करा लिए। रेलवे ने अतिक्रमण को चिह्नित किया था। कई बार नोटिस दिए जाने के बाद भी लोगों ने कब्जा नहीं हटाया। पूर्व में भी कई बार रेलवे की तरफ से कब्जे हटवाए जा चुके है।

मंगलवार सुबह 11 बजे रेलवे के अधिकारी, जीआरपी, आरपीएफ और बारादरी पुलिस बुलडोजर के साथ अवैध कब्जे हटाने के लिए पहुंची। ईंट पजाया चौराहे के पास बुलडोजर चला तो खलबली मच गई। रेलवे की जमीन पर हुए अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। शाम चार बजे तक अभियान चलाकर 150 अवैध कब्जे हटाए गए। शहर में कई अन्य स्थानों पर भी पूर्वोत्तर रेलवे की जमीनों पर अवैध कब्जे हैं, जिन्हें हटाने के लिए रेलवे के अधिकारी कार्ययोजना बना रहे हैं।

संबंधित समाचार