बाराबंकी : अतिक्रमण पर गरजी जेसीबी, ठोका गया जुर्माना
बाराबंकी, अमृत विचार। बुधवार को जिले भर में नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों की ओर से अतिक्रमण के विरोध में अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध कब्जे, अतिक्रमण, होर्डिंग हटाने के साथ ही कब्जेदारों पर जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में हड़कंप मचा रहा। नगर पालिका परिषद नवाबगंज क्षेत्र में बुधवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया।
पालिका के कर अधिकारी कमलेश कुमार चौबे की अगुवाई में यह अभियान धनोखर चौराहा से सिटी इंटर कालेज तक चला। इस दौरान छह गुमटियां जब्त की गईं, तीन हार्डिंग्स ध्वस्त कराई गईं। वहीं प्रतिबंधित पालीथिन मिलने पर एक हजार व अतिक्रमण सामने आने पर दो हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। इसी तरह नगर पंचायत देवा एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को कस्बे के कुर्सी रोड और देवा–फतेहपुर मार्ग पर सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
अभियान के दौरान नगर पंचायत का बुलडोजर गरजता रहा और सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों से तीन जहार रुपये जुर्माना भी वसूला गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया, वहीं सड़क किनारे आवागमन को सुचारु बनाने में भी राहत मिली।
अभियान के समय अधिशासी अधिकारी संध्या मिश्रा, इंस्पेक्टर देवा अजय कुमार त्रिपाठी, सफाई नायक सोहन वाल्मीकि सहित नगर पंचायत व पुलिस के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
