Bareilly : विद्यार्थियों को कैंसर के लक्षण, बचाव और उपचार की दी जानकारी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। रोहिलखंड कैंसर इंस्टीट्यूट ने अमृत विचार के सहयोग से विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर विभिन्न विद्यालयों में दो दिवसीय कैंसर के प्रति जागरूकता कार्यक्रम शुरू किया है। कार्यक्रम के पहले दिन बुधवार को सोब्तीज पब्लिक स्कूल, केशलता इंटरनेशनल स्कूल, नारायणा ई-टेक्नो स्कूल में कार्यक्रम आयोजित कर रोहिलखंड कैंसर संस्थान के डॉ. प्रारब्ध सिंह ने छात्र-छात्राओं को कैंसर के लक्षण, बचाव और जागरूकता फैलाने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने कैंसर को लेकर कई सवाल किए, जिस पर डॉ. प्रारब्ध ने बच्चों की मन की शंकाओं को दूर किया। बच्चों को जीवनशैली बेहतर रखने और खानपान पर ध्यान देने पर जोर दिया।

कैंसर जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत पहले सत्र में सुबह 10 बजे से सोब्तीज पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम कराया गया। यहां डॉ. प्रारब्ध ने बच्चों को कैंसर क्या है, उसके लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में विस्तार से जागरूक किया। बच्चों ने कैंसर को लेकर कई सवाल भी पूछे। स्कूल के प्रिंसिपल गुरदीप सिंह ने बताया कि रोहिलखंड कैंसर इंस्टीट्यूट और अमृत विचार के सहयोग से बच्चों को कैंसर के प्रति बहुत अच्छी जानकारी दी गयी। डॉ. प्रारब्ध सिंह ने कैंसर के बचाव, वैक्सीन, ट्रीटमेंट सहित कई बिंदुओं पर बच्चों को कैंसर के प्रति जागरूक किया।

वहीं, दूसरे सत्र में दोपहर में केशलता इंटरनेशनल स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। डॉ. प्रारब्ध सिंह ने बच्चों को कैंसर के लक्षण, उनकी पहचान सहित कई कारणों से होने वाले कैंसर के प्रति जागरूक किया। कैंसर से बचने के लिए जीवनशैली में क्या-क्या बदलाव करना चाहिए। विभिन्न लक्षणों की जानकारी बताने के साथ उन जांचों के बारे में भी जानकारी दी, जिनके कराने के बाद कैंसर सेल के बारे में सही जानकारी मिलती है। मोटापा कम करने के लिए रेगुलर एक्सरसाइज करने की जानकारी दी। तीसरे सत्र में नारायणा ई-टेक्नो स्कूल में आयोजित किए गए कार्यक्रम में डॉ. प्रारब्ध सिंह ने कैंसर क्या है, इसके बारे में बच्चों को विस्तार से जानकारी दी। बच्चों ने कैंसर के संबंध में कई सवाल पूछे। कार्यक्रम के दौरान कैंसर विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भी मौजूद रही।

आज यहां होंगे कैंसर जागरूकता कार्यक्रम
रोहिलखंड कैंसर इंस्टीट्यूट ने अमृत विचार के सहयोग से गुरुवार को पहले सत्र में सुबह 10:30 बजे से 11:30 बजे तक जीके सिटी मोंटेसरी स्कूल, दूसरे सत्र में दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक जय नारायण सरस्वती स्कूल, तीसरे सत्र में दोपहर 1:30- 2:30 बजे नालंदा पब्लिक स्कूल में कैंसर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

संबंधित समाचार