T20 World Cup : नेपाल को हराने में फूल गई इंग्लैंड की सांसे, रोमांचक मुकाबले में चार रन से दर्ज की जीता

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मुंबई। नेपाल टी-20 विश्वकप का सबसे बड़ा उलटफेर करने के करीब पहुंच गया लेकिन इंग्लैंड ने अंतिम ओवर में धैर्य बनाये रखते हुए टी-20 विश्वकप के पांचवें मुकाबले में रविवार को चार रन से रोमांचक जीत हासिल की।  इंग्लैंड ने सात विकेट पर 184 रनों का मजबूत स्कोर बनाया। नेपाल ने लक्ष्य का जबर्दस्त ढंग से पीछा किया लेकिन अंत में छह विकेट पर 180 रन ही बना सका। 

सैम करन ने बेहतरीन आखिरी ओवर डाला और नेपाल को सिर्फ पांच रन ही बनाने दिये। जबकि 19वें ओवर में नेपाल ने 14 रन बनाये थे। जेकब बेथेल (55) और कप्तान हैरी ब्रूक (53) रनों की अर्धशतकीय शानदार पारियों की बदौलत इंग्लैंड ने 184 रन का सम्मानजनक स्कोर बनाया था। 185 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल ने 42 के स्कोर तक अपने दो विकेट गंवा दिये।

आसिफ शेख (सात) और कुशल भुर्तेल (29) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद कप्तान रोहित पॉडेल और दीपेंद्र सिंह ऐरी की जोड़ी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिये 82 रन जोड़े। 15वें ओवर में सैम करन ने दीपेंद्र सिंह ऐरी को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 29 गेंदों में छह चौके और एक छक्का लगाते हुए 44 रन बनाये। अगले ही ओवर में लियाम डॉसन ने रोहित पॉडेल को आउट कर पवेलियन भेज दिया। 

रोहित पॉडेल ने 34 गेंदों में दो चौके और दो छक्के लगाते हुए 39 रन बनाये। आरिफ शेख 10 रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये लोकेश बम ने तूफानी बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम के लिए जीत की उम्मीद जगा दी। 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर ल्यूक वुड ने गुलशन झा (एक) को बोल्ड कर अपनी टीम को कुछ राहत दी। 

नेपाल की टीम को मैच की आखिरी गेंद पर जीत के लिए छक्के की जरूरत थी लेकिन करन ने सिर्फ एक रन दिया। लोकेश बम 20 गेंदों में चार चौकों और दो छक्कों की मदद 39 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड के विल जैक्स (नाबाद 39 और एक विकेट) को हरफनमौला प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' का पुरस्कार दिया गया। 

इंग्लैंड के लिए लियाम डॉसन ने दो विकेट लिये। जोफ्रा आर्चर, सैम करन, विल जैक्स और ल्यूक वुड ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया। इससे पहले आज यहां नेपाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 184 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। जेकब बेथेल ने 35 गेंदों में चार चौके और चार छक्के लगाते हुए (55) और कप्तान हैरी ब्रूक ने 32 गेंदों में चार चौके और तीन छक्के लगाते हुए (53) रनों की अर्धशतकीय पारियां खेली। 

वहीं विल जैक्स ने 18 गेंदों में एक चौके और चार छक्के उड़ाते हुए (नाबाद 39)रन बनाये। जॉस बटलर ने 17 गेंदों में 26 रन बनाये। इंग्लैंड के पांच बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक नहीं पहुंच सके। नेपाल के लिए दीपेंद्र सिंह ऐरी और नंदन यादव ने दो-दो विकेट लिये। शेर मल्ला और संदीप लैमिछाने ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।  

संबंधित समाचार