Bareilly: रूहेलखंड को काउंटर-मैगनेट मैन्युफैक्चरिंग रीजन के तौर विकसित करने को हुआ मंथन
बरेली, अमृत विचार। शहर के एक होटल में कार्यक्रम के दौरान रूहेलखंड को काउंटर-मैगनेट मैन्युफैक्चरिंग रीजन के तौर पर विकसित करने को लेकर मंथन किया गया। एक संवाद सत्र का आयोजन भी किया गया। संवाद सत्र के दौरान रीजन के उत्पादों को विश्व बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए इनका निर्यात बढ़ाने पर जोर दिया गया।
दरअसल इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के बैनर तले व सेंट्रल यूपी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, लघु उद्योग भारती, रोहिलखंड मैनेजमेंट एसोसिएशन व अन्य सहयोगी संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से रूहेलखंड को काउंटर-मैगनेट मैन्युफैक्चरिंग रीजन के रूप में विकसित करने के विषय पर एक प्रस्तुति एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन शहर के एक फाइव स्टार होटल में किया गया।
कार्यक्रम में इंडियन इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश गोयल ने रूहेलखंड को भविष्य के लिए तैयार एक सशक्त औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए विस्तृत रणनीतिक रोडमैप प्रस्तुत किया। उन्होंने संतुलित क्षेत्रीय विकास, औद्योगिक विविधीकरण, एमएसएमई सशक्तिकरण एवं क्लस्टर आधारित औद्योगिक विकास के साथ-साथ तकनीकी उन्नयन (तकनीक उच्चीकरण), उत्पादन प्रक्रियाओं की गुणवत्ता प्रखरता, आकर्षक एवं वैश्विक मानकों वाली पैकेजिंग, उद्योगों की डिजिटल एक्सेस एवं डिजिटल इंटीग्रेशन पर विशेष बल दिया। साथ ही उन्होंने रूहेलखंड के उत्पादों को विदेशी बाजारों में प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए निर्यात उन्मुख सोच अपनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
अपने संबोधन में दिनेश गोयल ने कहा कि रूहेलखंड क्षेत्र सड़क एवं रेल संपर्क, पर्याप्त भूमि की उपलब्धता, एनसीआर की तुलना में कम प्रदूषण स्तर तथा कृषि एवं प्राकृतिक संसाधनों की निकटता के कारण काउंटर-मैगनेट मैन्युफैक्चरिंग रीजन के रूप में विकसित होने की अपार संभावनाएं रखता है। उन्होंने तकनीक आधारित उद्योगों, कौशल विकास, स्टार्टअप्स, सर्कुलर इकॉनॉमी मॉडल तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से उद्योगों को वैश्विक मूल्य श्रृंखला से जोड़ने को इस विकास की मजबूत आधारशिला बताया।
कार्यक्रम में उद्योग, शैक्षणिक संस्थानों एवं चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लगभग 25 विशिष्ट प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। प्रमुख रूप से उपस्थित प्रतिभागियों में डॉ. मनीष शर्मा, डॉ. स्वतंत्र कुमार, पावन अग्रवाल, अशोक मित्तल, निखिल अग्रवाल, नीरज गोयल, तनुज भसीन, राजीव सिंघल, मयूर धीरवानी, सीए कुमार अग्रवाल, एस. के. सिंह, डॉ. राजीव गोयल, अभिनव अग्रवाल, सीए मोहित टंडन, शेखर अग्रवाल, धनंजय विक्रम सिंह, रोशन अग्रवाल, सुदीप राजगढ़िया, सीए शलभ बंसल एवं अनुपम कपूर शामिल रहे।
