गोंडा में गन्ना चोरी पर खूनी संघर्ष : भाई को बचाने दौड़े युवक की पीट-पीटकर हत्या, परिजनों में कोहराम

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

खेत की रखवाली बनी मौत की वजह, गन्ना चोरी के विवाद में युवक की हत्या

कटरा बाजार (गोंडा)। नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर पाँच स्थित बाबूपुर गांव में खेत की रखवाली के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गन्ना चोरी को लेकर हुई मारपीट में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। मृतक के छोटे भाई सियाराम के अनुसार, उनके खेत से काफी दिनों से गन्ने की चोरी हो रही थी। 

रविवार की शाम खेत की रखवाली के लिए उनका छोटा भाई दद्दन खेत पर गया था। इसी दौरान उसने गांव के कुछ लोगों को गन्ना चोरी करते हुए पकड़ लिया। इस पर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। हल्ला-गुहार सुनकर बड़े भाई बच्चा राम चौबे मौके पर अपने भाई को बचाने पहुंचे, लेकिन आरोप है कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने उन पर भी ताबड़तोड़ हमला कर दिया और बेरहमी से पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी। 

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में बच्चा राम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा बाजार ले गए, जहां चिकित्सक डॉ. अरुण सिंह ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि मृतक बच्चा राम के नौ बेटियां हैं, जिनमें से तीन की शादी हो चुकी है। 

पूरे परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी, जिससे परिवार के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार