मुंबई की टीम ने लखनऊ की सफाई व्यवस्था का किया अध्ययन, PIL सुनवाई के लिए अध्ययन करने पहुंची है कमेटी
लखनऊ, अमृत विचार : ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था के अध्ययन के लिए गुरुवार को लखनऊ पहुंची बॉम्बे हाई कोर्ट द्वारा गठित मॉनिटरिंग कमेटी का लालबाग स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय में महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार ने स्वागत किया। जहां नगर निगम ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर प्रस्तुतीकरण दिया।
जिसमें शहर की कचरा संग्रहण व्यवस्था, डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, जीपीएस आधारित वाहनों की मॉनीटरिंग, ट्रांसफर स्टेशन, मैटिरियल रिकवरी फैसिलिटी सेंटर, बायोमाइनिंग, कचरा प्रसंस्करण प्लांट, सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट सहित अन्य परियोजनाओं की जानकारी दी गई। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि शहर में कचरा संग्रहण और उसके निस्तारण आधुनिक तकनीक से की जा रही है। शिकायतों के निस्तारण और मॉनीटरिंग के लिए कमांड एंड कंट्रोल सेंटर की व्यवस्था है।
अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव ने बताया कि कैसे 100 प्रतिशत पुराने कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया गया। सड़क सफाई, प्लास्टिक वेस्ट के उपयोग, हरित विकास तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी परियोजनाओं की भी जानकारी दी। अपर नगर आयुक्त ने बताया कमेटी शुक्रवार को शिवरी स्थित ठोस अपशिष्ट प्रसंस्करण प्लांट का निरीक्षण करेगी।
पीआईएल की सुनवाई के लिए अध्ययन करने पहुंची है कमेटी
बॉम्बे हाई कोर्ट द्वारा एक पीआईएल पर सुनवाई करते हुए लखनऊ नगर निगम द्वारा कूड़े के पहाड़ को किस तरह निस्तारित किया गया, इसकी एक रिपोर्ट तैयार करने के लिए निर्देशित किया गया है। जिसके तहत हाई कोर्ट ने एक कमेटी का गठन किया है। जिसमें रिटायर्ड आइ्रएएस, वैज्ञानिक, आईआईटी के प्रोफेसर सहित प्रशासनिक अधिकारी शामिल हैं।
