Bareilly : चाइनीज मांझा बेचने पर सख्ती, कई जगह छापेमारी
मुख्यमंत्री के कड़े तेवर देखकर पुलिस-प्रशासन अलर्ट, अफसरों ने की चेकिंग
बरेली, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तेवर कड़े होते ही चाइनीज और शीशा युक्त मांझे की धरपकड़ के लिए पुलिस प्रशासन की टीमें अलर्ट हो गई। एडीएम सिटी और एसपी सिटी ने गुरुवार को बाकरगंज समेत शहर के कई इलाकों में चाइनीज मांझे को पकड़ने के लिए छापेमारी की। उन्होंने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर चाइनीज मांझा बेचते पाए गए तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ के बाजार खाला में चीनी मांझे में फंसकर युवक की मौत के बाद योगी सरकार ने सख्त निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चाइनीज मांझे से मौत को हत्या बताते हुए इसकी बिक्री पर तत्काल रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद जिले में पुलिस और प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गई। एसपी सिटी मानुष पारीक, एडीएम सिटी सौरभ दुबे, सीओ सोनाली मिश्रा ने किला क्षेत्र के बाकरगंज इलाके में चाइनीज मांझा बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। एसपी सिटी ने दुकानों पर निरीक्षण करके मांझा चेक किया।
अभियान के दौरान पुलिस ने उन दुकानदारों को चिन्हित किया जो चोरी-छिपे प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेच रहे थे। उन्होंने दुकानदारों को निर्देश दिए कि प्रतिबंधित मांझा बेचने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। चाइनीज माझा बेचने वालों पर सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज होगा। वहीं, एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने बताया कि शासन के निर्देश पर जनपद में चाइनीज मांझे की धरपकड़ के लिए बाकरगंज क्षेत्र में चेकिंग की गई। मांझा बनाने वाले अड्डों पर भी जाकर देखा गया। दुकानदारों से कहा गया कि चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध है। बेचने या बनाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
