Good News : यूपी रोडवेज के इन ड्राइवर और कंडक्टरों के मानदेय में बढ़ोतरी, योगी सरकार की सौगात
ग्रामीण क्षेत्रों में 20 फीसदी कम किराया, 299 बसें संचालित
लखनऊ, अमृत विचार : ग्रामीण अंचलों में मुख्यमंत्री जनता सेवा योजना के तहत संचालित बसों के चालकों व परिचालकों के मानदेय में बढ़ोतरी कर दी गयी है। अब उन्हें प्रति किलोमीटर 14 पैसे अधिक भुगतान किया जाएगा। राज्य सरकार के निर्देश से यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने शुक्रवार को बताया कि मुख्यमंत्री जनता सेवा योजना के तहत अब तक संविदा चालकों और परिचालकों को 2.18 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान किया जा रहा था, जिसे बढ़ाकर 2.32 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनता सेवा योजना के अंतर्गत चलने वाली बसों का किराया साधारण बसों की तुलना में 20 प्रतिशत कम रखा गया है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को कम खर्च में यात्रा की सुविधा मिल रही है।
परिवहन मंत्री ने बताया कि वर्तमान में मुख्यमंत्री जनता सेवा योजना के अंतर्गत प्रदेश के 20 क्षेत्रों में स्वीकृत 395 मार्गों पर कुल 299 बसों का संचालन उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा किया जा रहा है।
