T20 World Cup 2026 : भारत ने अमेरिका को दिया 162 रनों का लक्ष्य, सूर्यकुमार यादव ने जड़ा अर्धशतक

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

मुंबई। कप्तान सूर्यकुमार यादव (नाबाद 84) की अर्धशतकीय, तिलक वर्मा (25) और इशान किशन (20) की संघर्षपूर्ण पारियों की बदौलत भारत ने शनिवार को टी-20 विश्वकप 2026 के तीसरे मुकाबले में अमेरिका को जीत के लिए 162 रनों का लक्ष्य दिया। आज यहां अमेरिका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया।

बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं हुई और उसने अभिषेक शर्मा (शून्य) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद तिलक वर्मा और इशान किशन ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच 37 रनों की साझेदारी हुई। छठें ओवर में शैडली वान शाल्कविक ने तीन विकेट झटक कर भारत को बैकफुट पर धकेल दिया।

इशान किशन (20), तिलक वर्मा (25) और शिवम दुबे (शून्य), हार्दिक पंड्या (पांच) रन पर आउट हुई। 77 रन पर छह विकेट गंवाने पर संकट में फंसी भारतीय टीम को अक्षर पटेल ने सूर्यकुमार यादव के साथ संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए 41 रन जोड़े। 17वें ओवर में हरमित सिंह ने अक्षर पटेल (14) को आउटकर इस साझेदारी का अंत किया।

अर्शदीप सिंह (चार) और वरूण चक्रवर्ती (शून्य) पर आउट हुये, हालांकि इस दौरान सूर्यकुमार यादव एक छोर थामे तेजी के साथ रन बनाते रहे। भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 161 रन का स्कोर बनाया। सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों में 10 चौके और चार छक्के उड़ाते हुए नाबाद 84रनों की पारी खेली। अमेरिका के लिए शैडली वान शाल्कविक ने चार विकेट लिये। हरमित सिंह को दो विकेट मिले। अली खान और मोहम्मद मोहसिन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।   

भारत (एकादश):- अभिषेक शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज।

अमेरिका (एकादश):- सैतेजा मुक्कमल्ला, एंड्रीज गौस (विकेटकीपर), मोनांक पटेल (कप्तान), मिलिंद कुमार, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, शुभम रंजने, मोहम्मद मोहसिन, शैडली वान शल्कविक, सौरभ नेत्रवलकर और अली खान। 

संबंधित समाचार