कोनेश्वर महादेव मंदिर का एक करोड़ से होगा कायाकल्प, बोले मंत्री जयवीर सिंह- मंदिर परिसर को मिलेगा नया वैभव
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चौक स्थित प्राचीन कोनेश्वर महादेव मंदिर का सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार की प्राथमिकता में शामिल इस परियोजना पर एक करोड़ रुपये की धनराशि व्यय की जाएगी, जिससे मंदिर परिसर को नया वैभव मिलेगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि रामायण काल और भगवान राम के भाई लक्ष्मण से जुड़ी मान्यताओं के कारण यह मंदिर विशेष महत्व रखता है। गोमती तट पर स्थित इस स्थल को कौण्डिन्य ऋषि का आश्रम माना जाता है। यहां आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय, पेयजल सुविधा और श्रद्धालुओं के लिए विश्राम स्थल का निर्माण कराया जाएगा, जिससे देश-प्रदेश से आने वाले भक्तों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में लखनऊ में लगभग 1.5 करोड़ पर्यटकों का आगमन दर्ज किया गया, जिनमें बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक शामिल रहे। यूनेस्को द्वारा लखनऊ को 'क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी' का दर्जा मिलने और बेहतर पर्यटन सुविधाओं के विकास से शहर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान मिल रही है।
