उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास का बजट... केंद्रीय बजट 2026-27 पर नेताओं ने कहा

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। भाजपा कार्यालय सिविल लाइंस में भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय बजट 2026-27 के लाइव प्रसारण को सामूहिक रूप से सुना। नेताओं ने इसे उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास का बजट बताया है। जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ने कहा कि बजट में उत्तर प्रदेश को चार लाख करोड़ रुपये से अधिक की अनुमानित केंद्रीय सहायता मिलना तय है। यह राशि बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार सृजन में मील का पत्थर साबित होगी। महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने कहा कि हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर, AI सिटी और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं जैसी घोषणाएं देश को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करेंगी। 

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित ने कहा कि बजट में आम जनमानस, किसान, युवा और महिलाओं को ध्यान में रखकर प्रावधान किए गए हैं। कार्यक्रम में मौजूद नेताओं ने बजट का स्वागत करते हुए इसे विकास और विश्वास का बजट बताया। मौके पर अवधेश पाण्डेय बादल, कमला शंकर पाण्डेय, ओम प्रकाश सिंह, शैलेन्द्र कोरी, तिलकराम मौर्या, परमानंद मिश्र, जिला पंचायत सदस्य इंद्र भान सिंह, सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

उत्तर प्रदेश को दी गई विशेष प्राथमिकता : लल्लू सिंह

पूर्व सांसद लल्लू सिंह ने कहा कि बजट में करों की हिस्सेदारी, केंद्र प्रायोजित योजनाओं और परियोजना आधारित सहायता को मिलाकर उत्तर प्रदेश को अधिक का लाभ मिलने का अनुमान है। हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर से काशी और पूर्वांचल को देश की आर्थिक धारा से और मजबूती से जोड़ा जाएगा। जिससे व्यापार और पर्यटन दोनों को बढ़ावा मिलेगा।

ये जनकल्याणकारी बजट है: वेद प्रकाश

विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने बजट को जनकल्याणकारी बताते हुए कहा, एआई सिटी और आधुनिक ट्रॉमा सेंटर जैसी घोषणाएं यह दर्शाती हैं कि केंद्र सरकार भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर काम कर रही है। एआई सिटी से युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार के नए अवसर मिलेंगे, जबकि स्वास्थ्य क्षेत्र में निवेश से आम नागरिक को सीधा लाभ पहुंचेगा।

स्वास्थ्य व ग्रामीण विकास से जुड़ी घोषणाएं सराहनीय : रोली

जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास से जुड़ी घोषणाओं की सराहना करते हुए कहा कि हर जिले में ट्रॉमा सेंटर और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर चिकित्सा सेवाएं पहुंचेंगी। केंद्र से मिलने वाली बढ़ी हुई सहायता से पंचायत स्तर पर भी विकास कार्यों को मजबूती मिलेगी।

आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने वाला बजट : महापौर

महापौर गिरीश पति त्रिपाठी ने कहा कि शहरी विकास और आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने वाला यह बजट है। केंद्रीय बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य और तकनीक पर विशेष फोकस किया गया है, जिससे नगर निगम क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार होगा और शहरों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।

यह ऐतिहासिक बजट : रामचंद्र

रुदौली विधायक रामचंद्र यादव ने इसे ऐतिहासिक बजट बताया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने बजट में 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव दिया है, जिससे देश के प्रमुख शहरों को जोड़ने में मदद मिलेगी।
बायो फार्मा सेक्टर के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है, जिससे देश में कैंसर, डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों की दवाइयां सस्ती होंगी। कहा लखपति दीदी कार्यक्रम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी।

ये भी पढ़ें :
मौसम ने बदली चाल... बाराबंकी में घने कोहरे संग लौटी गलन भरी सर्दी, अलाव-हीटर का सहारा ले रहे लोग 

संबंधित समाचार