विकसित यूपी-भारत की नई उड़ान: केशव प्रसाद मौर्य बोले, ये बजट लाएगा औद्योगिक क्रांति और आत्मनिर्भरता का नया अध्याय

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगर व्यापारियों को सुरक्षा की गारंटी न हो तो क्या कोई उत्तर प्रदेश में व्यापार करना चाहेगा? प्रदेश में जब समाजवादी पार्टी की सरकार थी तब व्यापारी पलायन कर रहे थे, पैसा सुरक्षित था न परिवार। लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ लोगों की सुरक्षा की गारंटी है। वे बतौर मुख्य अतिथि सोमवार को विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में आयोजित भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ महानगर के ''यूनियन बजट 2026-27 व्यापारी सम्मेलन'' में बोल रहे थे। उन्होंने मंच से ही व्यापारियों से अपील करते हुए नारा दिया कि ''जब बाजार जाएंगे माल स्वदेशी ही लाएंगे''। कहा कि वर्तमान बजट प्रदेश और देश को विकसित बनायेगा।

उन्होंने कहा कि देश के साथ ही उत्तर प्रदेश में भी औद्योगिक क्रांति आ चुकी है। बहुत बड़े स्तर पर निवेश आ रहा है। लखनऊ के व्यापारियों का माल भी विदेश में जाए इसके लिए डबल इंजन की सरकार आपके साथ खड़ी है। पहले वैट के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न होता था लेकिन आज जीएसटी दर इतनी कम कर दी गई कि व्यापारी व्यापार करें और ईमानदारी से टैक्स दें। उसका परिणाम है कि आज देश आत्मनिर्भर भारत आर्थिक महाशक्ति बनकर उभर रहा है। विदेशी मुद्रा भंडार आज सर्वकालिक उच्च स्तर पर है। आज विपक्षी दल व्यापारी का मतलब भाजपाई ही समझते हैं और हमें इस पर गर्व है।

प्रयागराज कुंभ, अयोध्या, काशी, मथुरा व अन्य तीर्थ स्थलों पर 100 करोड़ से अधिक लोग दर्शन के लिए आए जो कुछ ना कुछ खरीद कर ले गए हैं।

सपा सरकार के समय में प्रदेशवासियों और व्यापारियों की सुरक्षा खतरे में थी। इनका कार्य था कि फूट डालो और राज करो। अगले 21 साल तक प्रदेश में न समाजवादी पार्टी और न देश में कांग्रेस के आने की संभावना है क्योंकि विकसित भारत और विकसित उत्तर प्रदेश बनाना पीडीए के विजन और बूते की बात नहीं है। पीडीए का मतलब परिवार डेवलपमेंट एजेंसी है। संसद में राहुल गांधी के बयानों को घटिया विचार बताते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष निरंतर संसद की निष्पक्ष कार्यवाही में बाधा बनते हैं और वैसा ही रास्ता आज समाजवादी पार्टी ने विधानसभा में दिखाया। महामहिम राज्यपाल जी के अभिभाषण के समय ऐसा हो हल्ला कर रहे थे कि जैसे छात्र संघ का चुनाव हो।

जैसे प्रयागराज में गंगा जमुना सरस्वती त्रिवेणी है वैसे ही अगड़ी, पिछड़ी और अनुसूचित जाति की त्रिवेणी भारतीय जनता पार्टी में है। हम सबका साथ और सबका विकास करते हैं जिसने वोट नहीं दिया उनको भी आवास आयुष्मान कार्ड और सभी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। 2027 में लखनऊ की सभी सीटों पर कमल खिलेगा और 325 सीट हासिल कर सपा का सूपड़ा साफ कर उन्हें सैफई वापस भेजना है। अति विशिष्ट अतिथि नोएडा के विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह ने अपने संबोधन में वर्तमान बजट को 2047 के विकसित और संस्कृति से समृद्ध विकसित भारत की नींव बताते हुए बजट को आत्मनिर्भर भारत बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। भारत का सबसे हाई ग्रोथ रेट चल रहा है। केंद्र के बजट की चर्चा करते हुए विधायक ने बताया कि इसके माध्यम से कम्युनिकेशन और ट्रांसपोर्टेशन पर विशेष ध्यान दिया गया है। बजट में दस हजार करोड़ का ग्रोथ फंड भी रखा गया है। कैपिटल एक्सपेंडेशन में 9 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी की गई है। डिफेंस में 7.8 लाख करोड़ दिए गए हैं। सरकार, संस्कृति से समृद्ध भारत और विकसित भारत 2047 तक बनाने के मिशन पर कार्य कर रही है। व्यापारी सम्मेलन में लखनऊ भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी ने अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि वर्तमान बजट से देश का व्यापारी वर्ग प्रदेश और देश को विकसित बनाने की दिशा में अग्रणी रहेगा। व्यापारी सम्मेलन के संयोजक अभिषेक खरे ने उत्तर प्रदेश के उद्यमी एवं व्यापारी समाज की सुरक्षा, राहत एवं व्यापारिक सुगमता के लिए एक 5 सूत्रीय ज्ञापन मुख्य अतिथि को सौंपा। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक विनीत अग्रवाल शारदा, मनीष गुप्ता सह-संयोजक व्यापार प्रकोष्ठ, सुधीर हलवासिया, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल, अजय त्रिपाठी मुन्ना, लखनऊ व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता, मनीष गुप्ता, मोबाइल एसोसिएशन के नीरज जौहर, अंजनी पांडेय, टिंकू सोनकर, सुमेर अग्रवाल, अमरनाथ अग्रवाल, मंगलेश मिश्रा, योगेंद्र सिंह, संजय जायसवाल, प्रवीण गर्ग मौजूद रहे।

 

संबंधित समाचार