Bareilly: रुहेलखंड विश्वविद्यालय में खेला गया गिल्ली-डंडा...कंचे खेलते नजर आए कुलपति

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फूले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के बहुउद्देशीय क्रीड़ा मैदान में 51वें स्थापना दिवस का शुभारंभ मंगलवार कुलपति प्रो. केपी सिंह ने गुब्बारे उड़ाकर और पारंपरिक खेल सपोलिया, गुल्ली डंडा तथा कंचे खेल कर किया। विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस पर आयोजित खेलों में विश्वविद्यालय के शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने पारंपरिक खेलों में उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता के सपोलिया, गिल्ली डंडा और कंचे में शिक्षक विजेता रहे। गिल्ली डंडा में डॉ. विजय कुमार सिंहाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शिक्षकों को विजय दिलाई। कंचे में डॉ. उपेंद्र कुमार, डॉ. विजय सिंहाल, डॉ. अतुल कटियार, डॉ. अजीत सिंह और डॉ. ललित पांडे का प्रदर्शन शानदार रहा। सपोलिया में डॉ. पवन कुमार, डॉ. अजीत सिंह का प्रदर्शन शानदार रहा। इसके बाद शिक्षक बनाम शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के मध्य क्रिकेट मैच खेला गया। मैच का शुभारंभ कुलपति प्रो. केपी सिंह ने बैटिंग कर किया। क्रिकेट मैच में शिक्षणेत्तर कर्मचारी शिक्षक टीम को हराकर विजयी रहे। 

इसमें कर्मचारियों की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 156 रन का स्कोर बनाया। कमल सिंह ने 23 रन, नवीन संतुले ने 20 रन, अरविंद ने 27 रन, विक्रम ने 28 रन और निखिल ने 25 रन बनाए। शिक्षक टीम में डॉ. विजय कुमार सिंहाल ने बढ़िया गेंदबाजी करते हुए 2 गेंदों में लगातार दो विकेट लिए। शिक्षक टीम 19 ओवर में 81 रन पर ऑल आउट हो गई। इस अवसर पर कुलसचिव हरीश चंद, परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार सिंह, क्रीड़ा परिषद सचिव डॉ. एसएस बेदी, सह-क्रीड़ा सचिव डॉ. विजय कुमार सिंहाल, डॉ. अजीत सिंह, डॉ. इरम नईम, डॉ. इंद्रप्रीत कौर, धर्मेंद्र शर्मा, सुहेल हुसैन मौजूद रहे।

संबंधित समाचार