UP : विधानसभा में लघु फिल्म का हुआ प्रसारण, सदन की उपलब्धियों पर आधारित है मूवी

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन बृहस्पतिवार को करीब 15 मिनट की एक लघु फिल्म दिखाई गई, जिसमें सदन की चार वर्ष की उपलब्धियों को फिल्माया गया है। इसमें विधानसभाध्यक्ष सतीश महाना के प्रयासों की सराहना की गई है। फिल्म की शुरुआत "धर्मो रक्षति रक्षितः" के साथ शुरू हुई जिसमें कहा गया कि जो धर्म की रक्षा करते हैं, उनकी रक्षा धर्म करता है।

देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के लोकतांत्रिक हृदय विधानसभा की 75 वर्षों के गौरवशाली सफर के साथ फिल्म में चार वर्षों में हुए बदलाव को दिखाया गया। विधानसभा में भोजपुरी, ब्रज और बुंदेली जैसी बोलियों में सदन की कार्यवाही को मान्यता दिए जाने के दिन का पल साझा किया गया है, जिसमें ब्रज भाषा में श्रीकांत शर्मा, भोजपुरी में केतकी सिंह और बुंदेली में विनोद चतुर्वेदी बोलते दिख रहे हैं। महाना इस बदलाव का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देते हुए फ़िल्म के दृश्य में देखे जा सकते हैं। फिल्म में संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना यह कहते सुने जा रहे हैं कि "कई चीजें कोटेबल है जिसका उल्लेख दूसरे लोग करते हैं।" विधानसभा में एक आयोजन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की मौजूदगी दिख रही है। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, नेता विरोधी दल माता प्रसाद पांडेय और अन्य नेता भी कई दृश्यों में नजर आए। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक से लेकर कई मंत्री भी फिल्म के किसी न किसी दृश्य में नजर आते हैं। कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा, बहुजन समाज पार्टी के नेता उमाशंकर सिंह और जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के नेता रघुराज प्रताप सिंह विधानसभा अध्यक्ष के प्रयासों की सराहना करते सुने जा सकते हैं। विधानसभाध्यक्ष सतीश महाना इस फिल्म में अपने इरादों को जाहिर करते सुने जाते हैं। महाना के विधानसभा अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद योगी आदित्यनाथ फिल्म में कह रहे हैं, "हम सब जानते हैं कि आप (महाना) आठवीं बार उत्तर प्रदेश विधानसभा में निर्वाचित होकर आए हैं। आपने विभिन्न सरकारों में अलग-अलग मंत्री पद के दायित्व का भी निर्वाह किया है।" फिल्म में योगी कहते हैं, ''मैं विधानसभा अध्यक्ष चुने जाने पर आपका स्वागत करता हूं।''

उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य कहते सुने जाते हैं कि महाना जी ने विधानसभा का पूरा कायाकल्प कर दिया। फिल्म में महाना एक संस्मरण सुनाते हुए कहते हैं,''हम अध्यक्ष बनने के बाद प्रधानमंत्री जी से मिलने गए तो उन्होंने कहा कि अध्यक्ष होने के नाते आपको पक्ष-विपक्ष सबसे संवाद बनाना है और उन्होंने छोटे-छोटे टिप्स दिए और कहा कि अगर कोई विधायक अच्छा बोले तो उसकी तारीफ कीजिएगा। '' विधानसभा की गलियों में बदलाव सुंदरीकरण, सेल्फी प्वाइंट और विधान भवन के उद्घाटन में ओम बिरला की मौजूदगी भी फिल्म में दिखाई गई।

विधानसभा में आम लोगों से संवाद को सुलभ बनाया गया है। यहां विभिन्‍न संस्‍थाओं की ओर से आने वाले उन प्रतिभागियों को भी दिखाया गया है जो सदन की कार्यवाही देखने के लिए दर्शक दीर्घा में आते हैं।‍ फिल्‍म में दर्शक दीर्घा के बदलाव के साथ ही यहां किये गये सुंदरीकरण के हर दृश्य को इसमें फिल्‍माया गया है। महाना बदलावों का श्रेय मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ को देते हैं और फिल्‍म के समापन पर सभी सदस्य तालियां बजाते हैं। फिल्म के समापन पर समाजवादी पार्टी के सदस्य बतौर अधिष्‍ठाता पीठ से ओमप्रकाश सिंह ने सतीश महाना के प्रयासों की सराहना की। 

ये भी पढ़ें : Kanpur: तंबाकू कारोबारी के बेटे को अदालत से मिली जमानत, पुलिस रिमांड की याचिका खारिज

संबंधित समाचार