UP : सपा सदस्य पर जमकर बरसे ब्रजेश पाठक, कहा- इलाज डॉक्टरों से मिलता है इमारत से नहीं
लखनऊ, अमृत विचार : विधान परिषद में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक सपा सदस्य आशुतोष सिन्हा पर जमकर बरसे। सपा सरकार के कामकाज को कुकर्म बताते हुए गाय-पड़वा की एक देशी कहानी सुनाकर तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि सपा ने मेट्रो ही नहीं, अस्पतालों की इमारतें बनवाईं, मगर डॉक्टर की व्यवस्था नहीं की, उनका चलाने का कोई इरादा नहीं था, सिर्फ ठेकेदारी व लूट का खेल खेला गया।
उप मुख्यमंत्री प्रश्नकाल में सपा के आशुतोष सिन्हा के कन्नौज मेडिकल कॉलेज में हृदय और कैंसर हास्पिटल में पद व उपलब्ध इलाज के मुद्दे पर जवाब दे रहे थे, उन्होंने कहा कि सिर्फ बिल्डिंग से अस्पताल नहीं चलता। बिल्डिंग बनाकर छोड़कर चले गए।
हालांकि आगे उन्होंने राजकीय मेडिकल कॉलेज कन्नौज में शिक्षकों के स्वीकृत पदों और तैनात शिक्षकों का ब्यौरा उपलब्ध कराते हुए कहा कि अभी सहायक शिक्षकों की संख्या पर्याप्त है, चार साल की सेवाएं देने के बाद ये प्रमोशन के बाद असिस्टेंट प्रोफेसर और प्रोफेसर बन जाएंगे, शिक्षकों की कमी दूर हो जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि कैंसर व हृदय रोगियों को उत्तम इलाज के लिए इस मेडिकल कॉलेज के साथ ही आसपास के अन्य अस्पतालों को हब एंड स्कोप मॉडल में कानपुर के जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज हैलेट से संबद्ध कर दिया जाएगा।
