महाशिवरात्रि : रीति रिवाज के साथ शुरू हुई शिव बारात की तैयारी...14 को होगी तेल पूजा, हल्दी और मेहंदी रस्म की परंपरा
अयोध्या, अमृत विचार। रामनगरी में महाशिवरात्रि पर्व भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह उत्सव हिंदू रीति रिवाज के तहत प्रारंभ हो गया है। माता पार्वती जी के पक्ष की ओर से प्राचीन क्षीरेश्वर नाथ मंदिर ट्रस्ट के द्वारा बारात का आमंत्रण पत्र वर पक्ष नागेश्वर नाथ मंदिर ट्रस्ट को सौंपा गया हैं।
उसके बाद 14 फरवरी को तेल पूजा, हल्दी और मेहंदी रस्म की परंपरा निभाई जाएगी, 15 फरवरी को हाथी-घोड़ा और गाजे-बाजे के साथ शिव बारात निकाली जाएगी। जो रामपथ से होते हुए प्राचीन क्षीरेश्वर नाथ मंदिर तक जाएगी। भव्य स्वागत के बाद यह बारात देर शाम नागेश्वर नाथ मंदिर पर पहुंचेगी और रात्रि में वैदिक आचार्य के द्वारा विवाह उत्सव को संपन्न कराया जाएगा।
अयोध्या में महादेव मंदिरों नागेश्वर नाथ मंदिर, क्षीरेश्वर नाथ, कूबेश्वर नाथ सहित अन्य शिवालाओं को भी सजाया जा रहा है। मंदिर परिसर को फूलों से सजाया जा रहा है। महाशिवरात्रि पर दर्शनार्थियों को भी दर्शन प्राप्त हों इसके लिए मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन के साथ संबंध में कर यात्रियों के आवागमन की मार्ग को भी बनाया जा रहा है।
नागेश्वर नाथ मंदिर के मैनेजर सभापति तिवारी ने बताया कि महाशिवरात्रि को लेकर तैयारी हो गई है। सुंदर अलौकिक रूप में भगवान को दूल्हा बनाकर यह बारात राम की पैड़ी से होते हुए नया घाट, छोटी देवकाली, श्रृंगारघाट के रास्ते जन्मभूमि परिसर के निकट स्थित छीरेश्वर नाथ मंदिर तक जाएगी।
उसके बाद यात्रा वापस रामपथ के रास्ते सब्जी मंडी चौराहे से अशर्फी भवन गोलाघाट, तुलसी उद्यान होते हुए देर रात वापस मंदिर पहुंचेगी। जहां भगवान का प्रतीकात्मक विवाह किया जाएगा। बताया कि तेल पूजन की परंपरा में मंदिर परिसर में सरसों के तेल का दीपक जलाया जाएगा। शाम को भगवान के श्रृंगार के दौरान उन्हें हल्दी का लेप भी लगाया जाएगा।
क्षीरेश्वर नाथ महादेव मंदिर के पुजारी प्रेम प्रकाश मिश्रा ने कहा कि पुरातन परम्परागत रूप से 15 फरवरी को महाशिवरात्रि हेतु बाबा क्षीरेश्वर नाथ मंदिर की तरफ से स्नेह विवाह निमंत्रण का आग्रह पूर्वक आमंत्रण बाबा नागेश्वर नाथ मंदिर को सौंपा गया और आग्रह किया गया कि महाशिवरात्रि को बाबा की बारात प्रेमपूर्वक लेकर परम्परागत रूप से हम सबके आराध्य बाबा क्षीरेश्वर नाथ महादेव मंदिर विवाह हेतु सादर पधारें। जिसे उन्होंने स्वीकार किया है। इस दौरान अश्वनी गुप्ता, रविन्द्र गुप्ता समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
