बाराबंकी : काली पट्टी बांध शिक्षकों ने किया प्रदर्शन, दी यह चेतावनी
रामनगर/बाराबंकी, अमृत विचार। संयुक्त शिक्षक संघर्ष मोर्चा व ऑक्टा के आवाहन पर पीजी कॉलेज रामनगर में शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन बी एन के बी कॉलेज, अंबेडकरनगर की प्राचार्य डॉ. सुचिता पांडे और अन्य शिक्षकों पर जिला प्रशासन द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के विरोध में किया गया।
शिक्षकों ने इस कार्रवाई को अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि यह पूरे शिक्षक समाज के सम्मान पर सीधा आघात है। महाविद्यालय परिवार ने एक स्वर में कहा कि शिक्षकों को अपराधी की तरह चिन्हित करना शिक्षा जगत की गरिमा को ठेस पहुंचाने जैसा है। शिक्षक संघ ने चेतावनी दी कि यदि एफआईआर शीघ्र वापस नहीं ली गई तो आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
साथ ही डॉ राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, अयोध्या के कुलपति एवं मंडलायुक्त से मांग की गई कि प्राचार्य एवं शिक्षकों पर दर्ज एफआईआर तत्काल निरस्त की जाए, अन्यथा संगठन को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
विरोध प्रदर्शन में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. कौशलेंद्र विक्रम मिश्र, रामकृष्ण परमहंस पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. नीरज वाजपेयी सहित प्रो. के.के. सिंह, प्रो. डॉ. सुनीत कुमार सिंह, डॉ. अखिलेश कुमार वर्मा, डॉ. आज़ाद प्रताप सिंह, डॉ. मनोज कुमार सिंह, डॉ. सुनीत जायसवाल, डॉ. शैलजा दीक्षित, डॉ. संजय तिवारी, अरविंद यादव, गरिमा श्रीवास्तव और आलोक राय समेत महाविद्यालय के शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे।
