यूपी बोर्ड की परीक्षा में सेंध: दूसरे छात्र के स्थान पर परीक्षा देते पकड़े गए 'मुन्ना भाई', जानें 1500 का क्या है मामला

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

गोंडा/बभनान, अमृत विचार: बोर्ड परीक्षा के पहले ही दिन नकल और प्रतिरूपण पर कड़ी निगरानी के बीच बड़ा खुलासा हुआ है। छपिया थाना क्षेत्र स्थित जनता इंटर कॉलेज में हाईस्कूल हिंदी की परीक्षा के दौरान एक युवक दूसरे परीक्षार्थी की जगह पेपर देते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। आरोपी 1500 रुपये लेकर ‘मुन्ना भाई’ बनकर परीक्षा देने आया था।

परीक्षा शुरू होने के महज 15 मिनट बाद स्टैटिक मजिस्ट्रेट और आंतरिक सचल दल प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने कक्ष संख्या 26 की औचक तलाशी ली। जांच में पाया गया कि हाईस्कूल के छात्र सुधीर कुमार की जगह मनीष कुमार मौर्य परीक्षा दे रहा था। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह 1500 रुपये लेकर दूसरे छात्र के स्थान पर हिंदी का पेपर देने आया था।

केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर आरोपी मनीष कुमार पुत्र जलाल/जगलाल, निवासी चटकानवा थाना खोड़ारे को छपिया थाने की पुलिस के हवाले कर दिया गया। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

जिला विद्यालय निरीक्षक डा रामचंद्र ने पूरे प्रकरण की रिपोर्ट उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेज दी है। शासन स्तर से भी मामले में रिपोर्ट तलब की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संबंधित परीक्षा केंद्र पर आगामी परीक्षाओं के दौरान विशेष निगरानी रखी जाएगी।

गौरतलब है कि शासन द्वारा परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए पहले ही सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके बावजूद पहले ही दिन प्रतिरूपण का मामला सामने आना परीक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी सूरत में नकल माफिया को बख्शा नहीं जाएगा।

संबंधित समाचार