Moradabad: चांद नजर आया, मस्जिदों से किया गया ऐलान, शुरू हुआ मुकद्दस रमजान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ठाकुरद्वारा, अमृत विचार। मुकद्दस महीने रमजान का चांद नजर आने के साथ ही क्षेत्र में खुशी, रौनक और इबादत का माहौल बन गया है। चांद दिखाई देने की पुष्टि होने के बाद मस्जिदों से ऐलान कर दिया गया कि गुरुवार को पहला रोजा रखा जाएगा। इसी के साथ एक माह तक चलने वाले रोजा, नमाज और इबादत के सिलसिले की शुरुआत होगी।

बुधवार शाम को मगरिब की नमाज के बाद लोगों ने आसमान में चांद देखने की कोशिश की। चांद नजर आने की खबर मिलते ही मस्जिदों में तकबीरें गूंज उठीं। बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। लोगों ने एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी। रमजान इस्लामिक कैलेंडर का नौवां महीना है, जिसे रहमत, बरकत और मगफिरत का महीना माना जाता है। इस पूरे महीने में रोजेदार सुबह सहरी के समय भोजन कर रोजा शुरू करते हैं और सूर्यास्त के समय इफ्तार कर रोजा खोलते हैं। 

दिनभर भूखे-प्यासे रहकर अल्लाह की इबादत की जाती है और बुराइयों से दूर रहने का संकल्प लिया जाता है। उलेमा-ए-कराम ने बताया कि रमजान आत्मशुद्धि, संयम और सामाजिक एकता का संदेश देता है। इस महीने में जकात और फितरा अदा कर जरूरतमंदों की मदद करने का विशेष महत्व है। रमजान को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। खजूर, फल, सेवईं, सूखे मेवे और अन्य खाद्य सामग्री की दुकानों पर भीड़ देखी जा रही है। सहरी और इफ्तार की तैयारियों में परिवार जुट गए हैं। उलेमाओं ने अपील की है कि रमजान के पाक महीने में इबादत के साथ-साथ आपसी भाईचारा, अमन-चैन और सद्भाव बनाए रखें। साथ ही स्वच्छता, संयम और सामाजिक जिम्मेदारियों का पालन करते हुए इस पवित्र माह का सम्मान करें।

 

संबंधित समाचार