Uttrakhand: अब देहरादून कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, घंटों चलाया सर्च ऑपरेशन
देहरादून, अमृत विचार। प्रदेश में बीते सोमवार से हर दिन न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल पर परिसर में विस्फोटक पदार्थ होने और रिमोट के जरिए एक निश्चित समय पर उड़ाने सम्बन्धी धमकी का सिलसिला बुधवार को तीसरे दिन भी जारी रहा।
अज्ञात व्यक्ति ने इस बार राजधानी देहरादून स्थित जिला अदालत परिसर में विस्फोटक लगाने संबंधित ई-मेल अदालत के आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजी। सूचना मिलते ही एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल टीमों के साथ मौके पर पहुंचे। सभी न्यायाधीश और अधिवक्ताओं को कोर्ट से बाहर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। परिसर खाली करा दिया गया जिसके बाद पूरे परिसर को सील कर सर्च अभियान चलाया गया। हालांकि किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की सूचना नहीं मिली।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिस आईडी से ई-मेल से आया है, इसके पीछे शुरुआती जांच में पाकिस्तानी संगठन के होने की आंशका है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि जिला जज कार्यालय को धमकी भरा मेल मिला है। पुलिस टीम ने सघन जांच की। उल्लेखनीय है कि प्रदेश के कई जिलों में न्यायालय परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी से हड़कंप मचा है। इससे पहले नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। नैनीताल कोर्ट को सोमवार और मंगलवार को ऐसी मेल भेजी गई। हालांकि जांच पड़ताल में कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
रोशनाबाद जिला न्यायालय में सघन जांच अभियान
हरिद्वार में रोशनाबाद जिला न्यायालय में पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर बुधवार को हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा कदम उठाया गया। जिला एवं सत्र न्यायालय रोशनाबाद परिसर में सिडकुल पुलिस और बीडीएस टीम ने संयुक्त रूप से सघन जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान न्यायालय परिसर में आने वाले सभी व्यक्तियों और वाहनों की गहन तलाशी ली गई। डॉग स्क्वॉड और मेटल डिटेक्टर की सहायता से संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई। वहीं, सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए। पुलिस अधिकारियों ने न्यायालय परिसर में निर्धारित सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया, ताकि अधिवक्ताओं और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। एसएसपी नवनीत सिंह ने स्पष्ट किया है कि संवेदनशील स्थानों पर इस तरह के सघन जांच अभियान समय-समय पर जारी रहेंगे, जिससे कानून-व्यवस्था मजबूत बनी रहे और किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके।
