Bareilly : वर्क ऑर्डर के बाद भी नहीं पकड़े कुत्ते, एजेंसी को नोटिस
संतुलन जीव कल्याण एजेंसी नदारद, एबीसी सेंटर का संचालन भी नहीं हुआ शुरू
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम का एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर शुरू होने से पहले ही ठप हो गया है। नगर निगम की ओर से वर्क ऑर्डर जारी किए जाने के बावजूद आवारा कुत्तों को पकड़कर उन्हें एबीसी लाकर नसबंदी करके छोड़ने के लिए नामित एजेंसी संतुलन जीव कल्याण ने अब अभियान शुरू नहीं किया है। एजेंसी को पांच दिन में एबीसी का संचालन शुरू करने का नोटिस जारी किया है।
शहर के कई इलाकों में आवारा कुत्तों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। रात के समय राहगीरों और स्कूली बच्चों को खास दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई मोहल्लों से कुत्तों के झुंड द्वारा लोगों को दौड़ाने और काटने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। आवारा कुत्तों की दहशत में बच्चे अकेले खेलने से डरते हैं। आवारा कुत्तों के मामले में सुप्रीम कोर्ट के सख्त रुख के बाद शासन के आदेश पर नगर निगम हरकत में आया। निगम ने शहर में आवारा कुत्तों को पकड़ने के साथ ही सीबीगंज के नदौसी में लाखों रुपये खर्च करके तैयार किए गए एबीसी सेंटर का संचालन करने के लिए आनन-फानन में संतुलन जीव कल्याण को ठेका दे दिया। नगर निगम ने एजेंसी को कार्य करने के लिए तत्काल वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिया।
इसके बावजूद भी एजेंसी ने न तो आवारा कुत्तों को पकड़ने का काम शुरू किया है और न ही अभी तक एबीसी सेंटर का संचालन शुरू किया है। एजेंसी की लापरवाही के चलते नगर निगम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एजेंसी को नोटिस जारी किया है और पांच दिन में अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डाॅ. हरपाल सिंह ने बताया कि एजेंसी को पांच दिन का अल्टीमेटम दिया गया है। निर्धारित समयावधि में एबीसी सेंटर का संचालन नहीं किया तो एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
