कानपुर पुलिस की बड़ा कार्रवाई : विदेशी नागरिक से धोखाधड़ी करने वाले दो ठग गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। उत्तर प्रदेश में कानपुर के पनकी क्षेत्र में पुलिस और साइबर सेल ने विदेशी नागरिक से साइबर ठगी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आयुक्त कानपुर नगर के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

थाना पनकी में धारा 318(4)/338/336(3)/340(2) बीएनएस एवं 66डी आईटी एक्ट से संबंधित मामले में विदेशी नागरिक के साथ साइबर धोखाधड़ी की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान सुरागकशी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अप्सरा स्टेट, पनकी क्षेत्र में दबिश देकर अमित ओम प्रकाश शर्मा (46), निवासी झांसी, और आकाश कुमार (30), निवासी नौबस्ता, कानपुर नगर को गिरफ्तार किया। 

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से 20,150 रुपये नकद, एक टाटा हैरियर कार, एक लैपटॉप, चार मोबाइल फोन, 13 चेकबुक, आठ पासबुक, नौ एटीएम कार्ड, तीन आधार कार्ड, दो पैन कार्ड, दो वोटर आईडी, दो ड्राइविंग लाइसेंस, एक आरसी, दो रबर स्टांप, एक पर्स और एक बैग सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए। 

इसके अलावा साइबर फ्रॉड से जुड़े विभिन्न बैंक खातों में लगभग एक करोड़ 30 लाख रुपये की धनराशि को सीज कराया गया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त फर्जी दस्तावेजों और बैंक खातों के माध्यम से साइबर ठगी को अंजाम देते थे। दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य भी इस नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं। 

संबंधित समाचार