22 फरवरी को विशेष अभियान दिवस: मतदाता सूची सुधारने के लिए बूथ पर दावे-आपत्तियां आमंत्रित
लखनऊ, अमृत विचार: प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि दावे और आपत्तियां प्राप्त करने तथा नोटिस चरण में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 22 फरवरी को समस्त मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दिन बूथ लेवल अधिकारी शुभ 10:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक संबंधित केंद्रों पर उपस्थित रहकर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। साथ ही इनका निस्तारण भी किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिया कि एसआईआर के कार्य में लगे अधिकारियों को अभियान की जानकारी देते हुए अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। विशेष अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और पारदर्शी बनाना है, जिससे अधिक से अधिक पात्र नागरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।
उन्होंने बताया कि बूथ लेवल अधिकारी वर्तमान में संबंधित मतदाताओं को नोटिस वितरित करने, तार्किक विसंगतियों के मामलों में मतदाताओं के घर पर सुनवाई करने तथा पात्र मतदाताओं से फार्म-6 प्राप्त करने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में जुट हैं। इन गतिविधियों की प्राथमिकता को ध्यान में रखते हुए मतदाता सहायता केंद्रों पर उनका रहना जरूरी नहीं है।
