पीलीभीत: लापता युवक की संदिग्ध हालात में मौत, खेत में मिला शव
पीलीभीत, अमृत विचार। नौ दिन से लापता चल रहे युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।उसका शव गेहूं के खेत में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जानकारी की। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शव मिलने के बाद परिवार में चीख पुकार मची हुई है।
बता दें कि न्यूरिया थाना क्षेत्र के ग्राम उल्हैतापुर के रहने वाले दुर्गाप्रसाद का 25 वर्षीय पुत्र लालू 11 फरवरी को रहस्यमय ढंग से लापता हो गया था। देर शाम तक उसके घर न आने पर परिवार वाले परेशान हो गए और उसकी तलाश शुरू कर दी गई। मगर, उसका कुछ पता नहीं चल सका। पिता की ओर से दी गई तहरीर पर 14 फरवरी को न्यूरिया थाने में गुमशुदगी दर्ज की गई थी। परिवार वाले खुद भी तलाश कर रहे थे। शुक्रवार सुबह बिठौरा खुर्द गांव के पास एक गेहूं के खेत में लापता युवक का शव मिला। ग्रामीण खेतों की तरफ कार्य से पहुंचे और शव पड़ा देखा तो होश उड़ गए। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। न्यूरिया पुलिस मौके पर पहुंची। लापता युवक के परिवार वालों को भी बुला लिया। शव की शिनाख्त लापता लालू के रुप में हुई। परिजन का रोकर बुरा हाल रहा। मौत को लेकर तस्वीर साफ नहीं हो सकी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
