Bareilly : अब जब्त निर्माण सामग्री से चमकेंगी शहर की गलियां
सड़क किनारे रेत-बजरी मिलने पर नहीं होगी रियायत, जुर्माना भी वसूला जाएगा
बरेली, अमृत विचार। शहर की सड़कों पर अतिक्रमण करके रेत, बजरी, ईंट और गिट्टी का कारोबार करने वालों पर नरमी नहीं बरती जाएगी। नगर आयुक्त का कहना है सड़कें जनता की हैं, किसी के निजी कारोबार के लिए नहीं, इसलिए अभियान के दौरान सड़क किनारे रखी निर्माण सामग्री जब्त की जाएगी। इसका इस्तेमाल निगम के विकास कार्यों जैसे गलियों और नालियों की मरम्मत में किया जाएगा। अतिक्रमण करने वालों से जुर्माना भी वसूला जाएगा और लगातार उल्लंघन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शहर में पीलीभीत बाईपास रोड, मिनी बाईपास रोड, डेलापीर समेत कई प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह फुटपाथ और सरकारी खाली जमीन पर लोग ईंट, रेत और बजरी का कारोबार कर लाखों रुपये की कमाई कर रहे हैं। यह अवैध कारोबार सड़कें संकरी कर देता है और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा पैदा करता है। कई बार दुर्घटनाएं भी इस अतिक्रमण के कारण हुई हैं। जिम्मेदार भी इस ओर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
नगर आयुक्त संजीव कुमार ने सख्ती के साथ अभियान चलाने का निर्णय लिया है। उनका कहना है अभियान का उद्देश्य सिर्फ अवैध कारोबार रोकना नहीं, बल्कि शहर की सड़कों को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाना भी है। नगर आयुक्त ने अधीनस्थों को निर्देशित किया है कि जहां भी बिल्डिंग मैटेरियल रखा हुआ मिले उसे तत्काल जब्त करें और जुर्माने की जगह उसे विकास कार्यों जैसे गलियों के निर्माण, मरम्मत कार्यों में लगाया जाए।
जुर्माना भरकर भी नहीं छुड़ा सकेंगे अपना सामान
नगर निगम सड़क किनारे रेता, बजरी आदि निर्माण सामग्री बेचने वालों के खिलाफ अक्सर अभियान चलाता है, लेकिन जुर्माना वसूली के बाद सामग्री छोड़ दी जाती है। इसके बाद व्यापारी पुन: उसी जगह पर अतिक्रमण कर दुकानें सजा लेते हैं। इसे लेकर नगर आयुक्त ने सख्त प्लान बनाया है। इसके तहत जुर्माना भरने के बाद भी व्यापारी जब्त सामान वापस नहीं पा सकेंगे। अभियान चलने के बाद तत्काल ही सामग्री का इस्तेमाल मरम्मत कार्यों में किया जाएगा।
शहर की सड़कों को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने के लिए सड़क किनारों पर रेत, बजरी और अन्य निर्माण सामग्री रखने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया है। अभियान के दौरान अवैध रूप से रखी गई सामग्री को तुरंत जब्त किया जाए और जिम्मेदारों से जुर्माना वसूला जाए। जब्त की गई निर्माण सामग्री को सड़क और नालियों की मरम्मत में उपयोग किया जाएगा। -संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त।
