विद्युत सखियों का शानदार प्रदर्शन, 3142 करोड़ का बिल कलेक्शन
लखनऊ, अमृत विचार : उप्र. राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने वर्ष 2020 से अब तक विद्युत वितरण कंपनियों के लिए 3142 करोड़ रुपये से अधिक का विद्युत बिल कलेक्शन किया है। इस कार्य के बदले विद्युत सखियों ने 40.46 करोड़ रुपये से अधिक का कमीशन अर्जित कर आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है।
ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ‘विद्युत सखी’ कार्यक्रम ने यह उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2025-26 में अब तक 1298 करोड़ रुपये का कलेक्शन करते हुए 16.22 करोड़ रुपये से अधिक का कमीशन प्राप्त किया गया। वर्ष 2024-25 में 1045 करोड़ रुपये के कलेक्शन पर 13 करोड़ रुपये से अधिक, जबकि 2023-24 में 467 करोड़ रुपये के कलेक्शन पर 5.63 करोड़ रुपये का कमीशन अर्जित हुआ। मिशन के अनुसार, यह पहल ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी साबित हो रही है।
