UP: बुजुर्ग आदमी से तय करा दी शादी, किशोरी ने मां-बाप समेत तीन के खिलाफ कराई FIR

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सैफनी, अमृत विचार। नगर के एक मोहल्ला निवासी किशोरी ने अपने ही माता-पिता और तहेरे भाई समेत तीन लोगों खिलाफ एक बुजुर्ग से जबरन शादी करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।

पुलिस ने मामले में किशोरी की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है,और उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है। मामला नगर के एक मोहल्ले से जुड़ा है। किशोरी ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में आरोप लगाया है कि उसके माता-पिता उसके तहेरे भाई के साथ मिलकर जबरन उसकी शादी एक बुजुर्ग आदमी से कर रहे हैं। उसने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों के द्वारा गाली-गलौज कर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।

इस अत्याचार से नाराज किशोरी थाने थाने पहुंच गई और रो-रो कर पुलिस को आप बीती सुनाई जिस पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत संज्ञान लिया और आरोपी माता-पिता और तहेरे भाई समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।

किशोरी इतनी डरी सहमी थी कि उसने पुलिस के सामने बयान देकर बताया कि वह अपने घर नहीं जाना चाहती क्योंकि परिजन उसके साथ मारपीट या कोई बड़ी घटना को अंजाम दे सकते हैं। इसके बाद पुलिस ने किशोरी को सुरक्षा का भरोसा दिलाया और उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया शनिवार को किशोरी को कोर्ट में पेशी के लिए ले जाया गया। 

मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि एक किशोरी परिजनों से छिपते छिपाते थाने आई थी और पुलिस को बताया कि उसके  माता-पिता और तहेरा भाई उसका विवाह एक बुजुर्ग से जबरन करना चाहते हैं,उसके साथ रिश्ता तय कर दिया है।वह यह शादी नहीं करना चाहती, किशोरी की ओर से तहरीर ली गई और मामला दर्ज कर लिया गया। किशोरी को कांस्टेबल मंजू देवी के साथ बन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया है।

संबंधित समाचार