छत्तीसगढ़ : 10वीं बोर्ड परीक्षा का आगाज़, 3.21 लाख विद्यार्थियों ने दी पहली परीक्षा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आज से 10वीं बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत हो गई। प्रदेशभर के 6,839 स्कूलों से पंजीकृत 3,21,571 विद्यार्थियों ने पहले दिन हिन्दी विषय की परीक्षा दी। परीक्षा सुबह नौ बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की गई। राज्य में इस वर्ष 2,510 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा और गोपनीयता के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
राजधानी रायपुर के जे एन पांडेय स्कूल में परीक्षार्थियों का पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर स्वागत किया गया, जिससे विद्यार्थियों का उत्साह और आत्मविश्वास बढ़ा। परीक्षा केंद्र से बाहर निकलने के बाद छात्रों ने बताया कि प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत सरल था और पेपर अच्छा होने से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। कई विद्यार्थियों ने कहा कि पहले दिन की परीक्षा ने बोर्ड एग्जाम का डर काफी हद तक कम कर दिया।
विद्यालय के लेक्चरर राघवेंद्र मिश्रा के अनुसार, निर्धारित छात्रों में से 115 परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जबकि 6 छात्र परीक्षा देने नहीं पहुंचे।बोर्ड द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार 10वीं की परीक्षाएं 13 मार्च तक संचालित होंगी। परीक्षा केंद्रों में अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था की गई है।
विद्यार्थियों को समय से पूर्व केंद्र पर पहुंचने और प्रवेश पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व शुक्रवार को 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं संपन्न हुई थीं। प्रदेश में बोर्ड परीक्षाओं को लेकर प्रशासन और शिक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क है, ताकि परीक्षाएं शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हो सकें।
ये भी पढ़ें :
दिल्ली में तपने लगा तापमान.... मौसम विभाग का अनुमान, मार्च में ही 33 डिग्री पारा
