नैमिष नगर योजना : एक दिन में 100 किसानों ने की 51 बीघा जमीन की रजिस्ट्री, अवकाश के दिन खुला निबंधन कार्यालय
लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ विकास प्राधिकरण की नैमिष नगर योजना के लिए एक ही दिन में 100 किसानों ने अपनी 51 बीघा से अधिक जमीन दी। इसके लिए शनिवार को अवकाश के दिन बीकेटी तहसील स्थित निबंधन कार्यालय खोला गया और किसानों से जमीन के बैनामे निष्पादित कराए गए। इस दौरान किसानों को 38 करोड रुपए की धनराशि डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से वितरित की गई।
नैमिष नगर योजना की प्रभारी अधिकारी संगीता राघव ने बताया कि योजना से प्रभावित किसानों को रजिस्ट्री के साथ ही प्रतिकर वितरण से लगातार सहमति पत्र प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि योजना के लिए बीकेटी तहसील के 18 गांवों की लगभग 4035 एकड़ भूमि चिन्हित की गयी है। इसमें ग्राम भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, पुरवा, सैरपुर, फरूखाबाद, कोड़री भौली, कमलाबाद, कमलापुर, पलहरी, गोपरामऊ, बारूमऊ, धतिंगरा, सैदापुर, पश्चिम गांव, धोबैला, उमरभारी व दुग्गौर शामिल हैं।
