Lucknow : डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने किया कैपिटल क्राफ्टर का उद्घाटन
लखनऊ, अमृत विचार : फाइनेंशियल कंसल्टिंग फर्म “कैपिटल क्राफ्टर” के लखनऊ कार्यालय का उद्घाटन आज उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विभूति खण्ड (गोमती नगर) के एक्सपीरियॉन में किया। इस अवसर पर “कैपिटल क्राफ्टर” के सीईओ व संस्थापक संदीप तिवारी ने डिप्टी सीएम का स्वागत किया। संदीप तिवारी ने उप मुख्यमंत्री को फर्म की भावी योजनाओं की जानकारी दी। संदीप तिवारी ने बताया कि लखनऊ में कार्यालय स्थापित करने का उद्देश्य इंडस्ट्रियल फाइनेंस में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए प्रदेश के विकास को गति देना है।
“कैपिटल क्राफ्टर” की स्थापना 2023 में हुई थी। महज़ ढाई वर्षों में “कैपिटल क्राफ्टर” ने सौ से अधिक कॉरपोरेट और एमएसएमई क्लाइंट्स के लिए तीन हजार करोड़ रुपये से भी अधिक का टोटल डेट पोर्टफोलियो मैनेज किया है। इसके अतिरिक्त 50 से ज्यादा क्लाइंट्स के लिए वेल्थ मैनेजमेंट करने का श्रेय भी “कैपिटल क्राफ्टर” को जाता है। इन्फ्रा, रियल एस्टेट, हॉस्पिटैलिटी, मैन्युफैक्चरिंग, हेल्थकेयर तथा ट्रेडिंग आदि महत्वपूर्ण सेक्टरों को प्रोजेक्ट अप्रैज़ल तथा लोन सिंडिकेशन जैसी वित्तीय सेवाएं प्रदान करने वाली यह फर्म अब तक राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकासशील ज़िले बरेली में सेवाएं देती रही है। शनिवार को “कैपिटल क्राफ्टर” ने राज्य की राजधानी में नई पारी की शुरुआत की है।
भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए सीईओ संदीप तिवारी ने कहा कि हमारी सरकार का विज़न है कि कन्सल्टिंग के क्षेत्र में “बिग फोर” जैसे दिग्गजों की तरह भारतीय कंपनियां भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं, जिससे न केवल देश-प्रदेश की अर्थव्यवस्था का विकास हो बल्कि साथ ही भारतीय फाइनैंशियल कन्सल्टिंग फर्म्स अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी योगदान दे सकें।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने “कैपिटल क्राफ्टर” के समस्त स्टाफ को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर “कैपिटल क्राफ्टर” निदेशिका डॉ. स्वप्निला प्रसाद, सी.ए. रवि अग्रवाल समेत विभिन्न बैंकों और वित्तीय संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
