UP: मां की आंखों के सामने बेटे की हत्या, दूसरे पक्ष का युवक घायल

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। फरधान थाना क्षेत्र के गांव खेतौसा में शनिवार देर रात पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद शुरू हुई मारपीट बेकाबू हो गई और धारदार हथियार से किए गए हमले में 20 वर्षीय मीर कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। मां की आंखों के सामने लहूलुहान हुए बेटे को पुलिस जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

वहीं खूनी संघर्ष में दूसरे पक्ष का भी एक युवक घायल हुआ है, जिसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतक की मां ने गांव के चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों के घर आमने-सामने हैं, जिससे गांव में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

मृतक की मां शांति देवी पत्नी राजाराम ने बताया कि उनके घर के सामने रहने वाले कमलेश कुमार के परिवार से उनकी पुरानी रंजिश चली आ रही थी। शनिवार देर शाम करीब सात बजे कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान दूसरा पक्ष धारदार हथियार लेकर हमलावर हो गया। उसके बेटे मीर कुमार (20) को घर के बाहर बरामदे में घेरकर धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा और उठ नहीं सका। 

सूचना पर यूपी 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां रात करीब साढ़े नौ बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक फरधान दिलीप कुमार चौबे ने बताया कि युवक की इलाज के दौरान मौत हुई है। प्रारंभिक जानकारी में शराब के नशे में गाली-गलौज के बाद विवाद बढ़ने की बात सामने आई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। खूनी संघर्ष में वही दूसरे पक्ष का कमलेश भी घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है। मृतक की मां ने गांव के चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है।
 
चार भाइयों में सबसे छोटा था मीर कुमार
मीर कुमार चार भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई सूरज कुमार, नीरज कुमार और धीरज कुमार हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। मीर कुमार अविवाहित था और गांव में रहकर ट्रैक्टर चलाकर परिवार का सहारा बनता था। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां शांति देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
 
चार महीने पहले भी हुआ था विवाद
बताया जाता है कि करीब चार महीने पहले भी दोनों पक्षों में शराब के नशे में मारपीट हुई थी। उस समय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस मुकदमा दर्ज किया था। पुराने विवाद की रंजिश अब तक कायम थी। शनिवार रात भी इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो हिंसा में बदल गई और एक युवक की जान चली गई। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।  गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।

संबंधित समाचार