जौनपुर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला आरोपी आजमगढ़ से गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ/आजमगढ़। उत्तर प्रदेश एटीएस ने जौनपुर न्यायालय परिसर और पुलिस लाइन गेट को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को आजमगढ़ से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के लिए वीपीएन के पेड वर्जन, प्रॉक्सी आईपी और अलग-अलग लोगों के वाईफाई नेटवर्क का इस्तेमाल किया था।

आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) के अनुसार, 17 फरवरी को जौनपुर जिला न्यायाधीश के सरकारी ई-मेल आईडी पर पांच अलग-अलग ई-मेल आईडी से धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। इन ई-मेल में जौनपुर न्यायालय परिसर और पुलिस लाइन गेट को बम से उड़ाने की धमकी देते हुए मुख्यमंत्री से एक लाख रुपये की मांग की गई थी।

इस मामले में थाना लाइन बाजार, जौनपुर में भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान एटीएस ने इलेक्ट्रॉनिक और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी विशाल रंजन (निवासी बक्शपुर, थाना निजामाबाद, आजमगढ़) की पहचान की। जिसके बाद सिधारी क्षेत्र में हड़हा बाबा के पास से किराए के कमरे से गिरफ्तार कर पुलिस ने पांच मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, दो मेमोरी कार्ड, चार सिम कार्ड और 21,092 रुपये नकद बरामद किए हैं।

जांच में करीब 50 फर्जी ई-मेल आईडी और 20 फर्जी फेसबुक अकाउंट भी मिले। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि प्रेम प्रसंग में बदला लेने के लिए उसने लड़की के मंगेतर और उसके परिचितों के नाम से फर्जी ई-मेल बनाकर धमकी भेजी थी, ताकि पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर सके। एटीएस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार