जोगेंद्र हत्याकांड : : 24 घंटे बाद भी पुलिस खाली हाथ, एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस खुलासे में लगी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। सब्जी विक्रेता जोगेन्द्र हत्याकांड में पुलिस, एसओजी, सर्विलांस टीम 24 घंटे बाद भी खाली हाथ है। तीनों टीमें खुलासे में लगी हैं। संदिग्धों, मृतक की पत्नी समेत अन्य करीबियों से भी रविवार को पुलिस ने पूछताछ की, लेकिन कोई अहम सुराग हाथ नहीं लगे।

आंवला थाना क्षेत्र के तिगरा खानपुर निवासी जोगेंद्र लोधी सुभाषनगर थाना क्षेत्र के प्रगति नगर में मकान बनाकर रह रहे थे। शुक्रवार रात घर के बरामदे में सो रहे थे। पत्नी अनीता पास में सो रही थीं। अनीता ने बताया कि रात करीब 1 बजे अचानक मकान की छत पर कुछ आहट सुनाई दी। जोगिंदर व उनकी पत्नी अनीता जीने से छत पर जाने लगे। उन्होंने डंडे से बदमाशों को ललकारा, लेकिन बदमाशों ने तमंचे से जोगेंद्र को गोली मार दी। 

गोली उनके सीने में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके बाद बदमाश पैसों से भरा लेकर बैग लेकर फरार हो गए थे। खुलासे के लिए एसएसपी अनुराग आर्य ने एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस को लगाया है। वहीं लापरवाही के मामले में करगैना चौकी इंचार्ज पवन कुमार को सस्पेंड कर दिया था। रविवार को पुलिस ने मृतक की पत्नी अनीता और उसके कुछ करीबियों से भी पूछताछ की। सुभाषनगर इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह ने बताया कि टीमें घटना के खुलासे में लगी हुई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करके वारदात का राजफाश किया जाएगा।

 

संबंधित समाचार