Bareilly: खूब फूंकी बिजली मगर नहीं किया बिल जमा, डीएम कार्यालय पर 22.73 लाख बकाया
बरेली, अमृत विचार। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के रामपुर गार्डन स्थित कमर्शियल-2 वर्टिकल के अधिशासी अभियंता सूर्य कुमार लगातार चर्चा में हैं। पहले एडीएम कंपाउंड स्थित सिटी मजिस्ट्रेट आवास पर 22 लाख से ज्यादा की रिकवरी बताते हुए आरसी जारी की, फिर भाजपा कार्यालय के विरुद्ध 99 हजार की आरसी जारी की।
अब जिलाधिकारी कार्यालय पर बिजली का बकाया निकाला है। अभियंता ने जिलाधिकारी कार्यालय पर 22.73 लाख रुपये से अधिक का बिजली का बकाया निकाला है। साथ ही डीएम को पत्र जारी करते हुए धनराशि जमा कराने का आग्रह किया है।
अधिशासी अभियंता ने 25 फरवरी को डीएम को जारी किए पत्र में उपभोक्ता का नाम डीएम कचहरी रोड बरेली बताया है। 24 किलोवाट का संयोजन 1652805000 नंबर का खाता बताया है। फरवरी 2026 तक का 2273293 रुपये की धनराशि बकाये में दिखायी है। पत्र के साथ बिल की कॉपी भी संलग्न की है। डीएम से सूची में दर्ज विद्युत बिल की बकाया धनराशि जमा करने का आग्रह किया है।
अभियंता का पत्र जिलाधिकारी कार्यालय में पहुंच गया है। बिल को लेकर अधिकारियों ने मंथन शुरू कर दिया है। बकाया बिल पर सवाल यह भी उठ रहा है कि इतना बिल कैसे हो गया। कलेक्ट्रेट परिसर में सोलर सिस्टम भी लगा है। उसकी बिजली से कलेक्ट्रेट परिसर में बिजली आपूर्ति होती है। फिलहाल, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
