Lucknow University: सुभाष हॉस्टल में बीए छात्र ने लगाया फंदा, दरवाजा तोड़कर निकाला गया शव

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ:  लखनऊ विश्वविद्यालय के सुभाष हॉस्टल में रविवार को स्नातक प्रथम वर्ष के छात्र नवीन कुमार (20) ने आत्महत्या कर ली। दोपहर में खाना खाने के लिए साथी छात्र बुलाने पहुंचे तो कमरे का दरवाजा नहीं खुला। सूचना पर पहुंची हसनगंज पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर शव लटका मिला। पुलिस ने कमरे में छानबीन की लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर छानबीन की। साथियों ने बताया कि नवीन कुछ दिन से वह तनाव में था। दो दिन पहले ही वह गांव से लौटा था।

एसीपी महानगर अंकित कुमार ने बताया कि मूल रूप से बलिया के सिकंदरपुर चक उसरैला निवासी नागेंद्र कुमार का बेटा नवीन कुमार लविवि का छात्र था। वह सुभाष हॉस्टल के कमरा नंबर-52 में रहता था। साथी रूम मेट यशवीर सिंह तीन दिन पूर्व अपने गांव चला गया था। नवीन कमरे में अकेले रह रहा था। दो दिन पहले ही वह घर से वापस लौटा था। रविवार दोपहर साथी छात्र खाना खाने के लिए बुलाने पहुंचे। दरवाजा खटखटाया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

छात्रों ने डॉयल-112 पर सूचना दी। पुलिस ने परिवारवालों और गुडंबा में रहने वाले एक रिश्तेदार को फोन कर बताया। पुलिस ने वीडियोग्राफी करते हुए दरवाजा तोड़ा तो भीतर कमरे में फंदे पर नवीन का शव लटका मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर गृह जनपद चले गए। उन्होंने कोई आरोप नहीं लगाया है। एसीपी ने बताया कि साथी छात्रों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि नवीन आर्थिक तंगी से कुछ परेशान था। इसके अलावा उसके कुछ पारिवारिक कारण भी थे। इसलिए भी वह परेशान रहता था।

मोबाइल बंद कर दो दिन रहा था गायब

साथियों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व भी नवीन हाॅस्टल से कहीं चला गया था। वह दो दिन तक अपना मोबाइल भी स्विच ऑफ रखे रहा। उसके बाद वह वापस लौट आया था। दोस्तों ने उससे काफी पूछा था लेकिन उसने कुछ बताया भी नहीं था।

संबंधित समाचार