अमौसी को मिली बड़ी उपलब्धि, यात्री सुविधाओं और सत्कार में मिला विश्वस्तरीय सम्मान
अमृत विचार: अदब के शहर लखनऊ ने एक बार फिर आतिथ्य सत्कार का बड़ा उदाहरण प्रस्तुत कर बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं। उत्कृष्ट यात्री सुविधाओं, पारदर्शी एवं सुगम प्रक्रियाओं तथा गर्मजोशी भरे आतिथ्य के अमौसी स्थित चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दो बड़े पुरस्कारों के लिए चुना गया है। चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट को 5–15 मिलियन यात्री श्रेणी में एशिया प्रशांत क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रस्थान और विश्व स्तर पर सर्वश्रेष्ठ आगमन हवाई अड्डा चुना गया है।
एयरपोर्ट के प्रवक्ता ने बताया कि एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल (एसीआई) के तत्वावधान में आयोजित विशेष समारोह में ये सम्मान अमौसी हवाई अड्डा प्रशासन को दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह पुरस्कार उत्कृष्ट यात्री सुविधाओं, पारदर्शी एवं सुगम प्रक्रियाओं तथा गर्मजोशी भरे आतिथ्य के लिए दिए गए हैं।
एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि सुव्यवस्थित प्रस्थान व्यवस्था से लेकर सहज और यादगार आगमन अनुभव तक, हर स्तर पर यात्रियों की अपेक्षाओं से बढ़कर सेवा देने का प्रयास किया गया है। यह वैश्विक पहचान समर्पित हवाई अड्डा टीम के निरंतर प्रयासों और उत्कृष्ट सेवा मानकों का परिणाम है। यह उपलब्धि लखनऊ की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रतीक मानी जा रही है।
ये भी पढ़ें :
होलिकोत्सव में अभी थोड़ा वक्त है,आइए घर की सजावट कर लें.... परदा से लेकर सोफा कवर की बाजारों में विस्तृत रेंज
