UP: 9 माह की गर्भवती ने पति के साथ लगाई फांसी, पहले बच्चे के इंतजार में था परिवार

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

संभल/ बबराला, अमृत विचार। जुनावई थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक ही साड़ी के फंदे बनाकर पति पत्नी ने आत्महत्या कर ली। विवाहिता नौ माह की गर्भवती थी। 2 साल पहले शादी हुई थी।

गांव खेड़ामानी निवासी खोराज यादव (25) पुत्र प्रेमपाल यादव और उसकी पत्नी सरोज (22) के शव मंगलवार सुबह करीब आठ बजे कमरे में एक ही साड़ी से बने फंदों पर लटके मिले। सरोज नौ माह की गर्भवती थी और यह दंपती का पहला बच्चा था। सुबह देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। 

उन्होंने दरवाजा खटखटाया, नहीं खुलने पर जैसे-तैसे दरबाजा खोला। दोनों के शव एक ही साड़ी से बने फंदों पर लटके देख परिवार में कोहराम मच गया। सरोज का मायका धनारी थाना क्षेत्र के गांव भिरावटी में है। दो वर्ष पूर्व दोनों की शादी हुई थी। परिजनआत्महत्या की बजह नहीं बता सके। ग्रामीणों में चर्चा है कि खोराज शराब का आदी था और इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद होता था। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। मृतक का छोटा भाई राजेंद्र एक दिन पहले ही दिल्ली से गांव लौटा था। मां कठोरी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

थानाध्यक्ष अखिलेश प्रधान ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन परिजनों ने कानूनी कार्रवाई और पोस्टमार्टम से इंकार कर दिया। इसके बाद आपसी सहमति से दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गर्भवती पत्नी और पति द्वारा फंदे पर लटककर जान देने की वजह को लेकर तमाम तरह की चर्चाएं हो रही हैं लेकिन कोई खुलकर नहीं बता रहा कि आखिर रात को ऐसा क्या हुआ जिसकी वजह से पति पत्नी ने फंदे पर लटककर जान दे दी। बड़ी बात यह कि मां की कोख में पल रहे मासूम की भी दुनिया देखने से पहले ही मौत हो गई।
इंसेट

खेत में पेड़ से लटका मिला युवक का शव
बबराला,अमृत विचार: जुनावई थाना क्षेत्र के गांव अल्लीपुर में मंगलवार को 19 वर्षीय दुर्वेश यादव पुत्र भूदेव यादव का शव घर से करीब आधा किलोमीटर दूर गेहूं के खेत में नीम के पेड़ से लटका मिला। सुबह करीब 5:45 बजे पीआरवी को सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान उसकी जेब से नरौरा से बैरपुर तक का रोडवेज बस टिकट मिला। परिजनों के अनुसार वह नोएडा में काम करता था और हाल ही में गांव लौटा था। थानाध्यक्ष अखिलेश प्रधान ने बताया कि दुर्वेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार