अंबेडकरनगर मंशाराम हत्याकांड : पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजय सिपाही सहित तीनों दोषियों को आजीवन कारावास, जानिये कब हुई थी वारदात?

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

अंबेडकरनगर, अमृत विचार। जनपद में चर्चित मंशाराम हत्याकांड में अदालत ने पूर्व ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह सिपाही सहित तीन आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। यह फैसला मंगलवार को एडीजे प्रथम राम विलास सिंह की अदालत ने सुनाया है। बता दें कि इससे पहले न्यायालय ने मुलायम यादव, अजय कुमार यादव और अजय प्रताप सिंह को साजिशन हत्या का दोषी ठहराया था। सजा के ऐलान के दौरान कोर्ट परिसर में भारी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे।

जानिये कब हुई थी वारदात?

मामला 23 मार्च 2016 का है। सुल्तानपुर जनपद के दोस्तपुर क्षेत्र निवासी मंशाराम को होली के दिन बुलाकर महरुआ क्षेत्र के लोकनाथपुर ले जाया गया था। वहां गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के बाद मंशाराम के शव को सुल्तानपुर जनपद के जयसिंहपुर थाना क्षेत्र के भेवापार गांव के पास एक माइनर में फेंक दिया गया था। 

मंशाराम की बुआ की तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों और तत्कालीन ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह सिपाही के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के बाद आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल किया गया। लंबे समय तक चली सुनवाई के बाद अदालत ने दोष सिद्ध माना। फैसले के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए थे।

संबंधित समाचार