कानपुर : बुझ गया घर का चिराग, जहरीला पदार्थ खाने के बाद बेटे ने पिता से कहा- मैं जा रहा हूं, मां बुला रही है...

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सेवानिवृत्त सीबीसीआईडी इंस्पेक्टर के एकलौते बेटे ने की आत्महत्या

कानपुर, अमृत विचार। बाय-बाय, मैं जा रहा हूं, मां बुला रही है। चकेरी में यह कहते हुए जीने में लड़खड़ाए युवक ने बताया कि जहर खा लिया है। परिजन तत्काल कांशीराम ट्रामा सेंटर ले गए, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत बता दिया। सीबीसीआईडी से इंस्पेक्टर के पद से सेवानिवृत्त पिता के अनुसार तीन माह पहले मां की मौत और नौकरी न लगने से बेटा दुखी था। 300 रुपये मोबाइल रिचार्च के लिए लिया था, लेकिन जहर लाकर खा लिया। एकलौते बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।

चकेरी के घाऊखेड़ा निवासी मुन्नीलाल सिंह सीबीसीआईडी में इंस्पेक्टर थे, तीन साल पहले सेवानिवृत्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि बीती नवंबर माह में पत्नी मायादेवी की मौत हो गई थी। बेटी मीनू की शादी हो चुकी है। परिवार में एकलौता बेटा 38 वर्षीय अमर सिंह, बहू नेहा व पौत्री कृतिका है। मुन्नीलाल के अनुसार अमर ने बी-फार्मा किया था, लेकिन नौकरी नहीं लगी।

बेटे ने साथियों के साथ मिलकर नौकरी के लिए हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी, जिसकी जल्द सुनवाई होनी है। बेरोजगार होने के कारण उसने फूड डिलवीरी का काम शुरू किया था। नौकरी की चिंता के बीच मां की मौत के कारण वह करीब तीन माह से बहुत तनाव में रह रहा था। शराब भी पीने लगा था।

पिता ने बताया कि मंगलवार सुबह बेटे ने उनसे कहा कि बिजली का बिल ठीक नहीं आया है। सब स्टेशन जाकर ठीक कराउंगा उसके बाद जमा करना। इसके बाद उसने कहा कि उसका मोबाइल रिचार्ज नहीं है। उसने रिचार्ज के लिए 300 रुपये लिए और चला गया। दोपहर बाद घर लौटा और छत पर चला गया।

पिता के अनुसार कुछ देर बाद वह सीढ़ियों से उतरते दिखा। लड़खड़ाते हुए कहा कि बाय-बाय, अब मैं जा रहा हूं, मां बुला रही है। तबियत बिगड़ने पर परिजन आनन-फानन में अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत बता दिया। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्रा ने बताया कि परिजनों ने मां की मौत के बाद से युवक को परेशान होने की बात बताई है। तनाव के चलते युवक ने जहरीला पदार्थ खाया है।

3

 बैक लगने पर ग्यारहवीं की छात्रा ने दी जान 

कानपुर। कल्याणपुर में ग्यारहवीं की छात्रा ने आत्महत्या कर ली। देर रात तक परीक्षा की तैयारी कर रही बेटी को जगाने मां कमरे में पहुंची तो फंदे पर शव लटका देखकर चींख पड़ी। परिजनों के अनुसार दो विषय अर्थशास्त्र व गणित में छात्रा की बैक लगी थी। जिसका 26 व 28 फरवरी को रीपेपर था। इसी तनाव में छात्रा ने यह कदम उठाया है। मकड़ीखेड़ा के चेतनविहार निवासी सुनील कुमार धर पीडब्ल्यूडी एनएच में ड्राइवर हैं।

परिवार में पत्नी सुषमा, 16 वर्षीय बेटी वर्शालीधर व बेटा निवेदन है। पिता ने बताया कि वर्शाली मरियमपुर स्कूल से ग्यारहवीं की छात्रा थी। अर्थशास्त्र व गणित में उसके कम नंबर आए थे, जिसका रीपेपर होना था। बेटी उसी की तैयारी में लगी थी, इसलिए अलग कमरे में देर रात तक पढ़ाई करती थी।

उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह वह रोज की तरह गंगा स्नान के लिए गंगाबैराज स्थित अटल घाट गए थे। पत्नी बेटे को स्कूल छोड़ने वुडवाइन स्कूल गई थीं। वहां से लौटने के बाद बेटी को जगाने के लिए उसके कमरे में गई तो पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे उसका शव लटका देखकर चींख पड़ी।

आवास सुनकर वह कमरे में पहुंचे, लेकिन बेटी का शरीर ठंडा पड़ चुका था। उन्होंने संभावना जताई कि बेटी ने देर रात ही फांसी लगाई है। समीप ही कुर्सी पड़ी थी, जिसके सहारे वह कुंडे तक पहुंची। सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक ने जांच-पड़ताल की। सुनील के अनुसार पुलिस ने बेटी का मोबाइल कब्जे में लिया है।

संबंधित समाचार