हरदोई पुलिस का रैपिड एक्शन... 9 घंटे में छात्रा पर जानलेवा हमला करने वाले मनचला गिरफ्तार
हरदोईः उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के लोनार कोतवाली क्षेत्र में एकतरफा प्रेम में इंटरमीडिएट की छात्रा पर बांके से जानलेवा हमला करने वाले सिरफिरे युवक को पुलिस ने महज 9 घंटे के भीतर मुठभेड़ में घुटने में गोली मार कर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि लोनार क्षेत्र के एक गांव की 18 वर्षीय छात्रा बुधवार को इंटरमीडिएट की परीक्षा देकर सहेली के साथ बाइक से घर लौट रही थी। तभी असलापुर निवासी पंकज ने जगदीशपुर गांव के बाहर उसकी बाइक रुकवाई और बांके से सिर पर हमला कर दिया। छात्रा लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ी और आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो गया।
परिजनों का आरोप है कि पंकज लंबे समय से शादी का दबाव बना रहा था और मना करने पर लगातार परेशान कर रहा था। इसकी लिखित शिकायत पहले ही कोतवाली लोनार में दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई न होने से आरोपी के हौसले बढ़े और यह वारदात हो गई। इस मामले में लापरवाही के आरोप में चौकी इंचार्ज रामबली और हेड कांस्टेबल अजीत कुमार को तत्काल निलंबित कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले मुकदमा दर्ज करके आरोपी को हिरासत में लिया था।
आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी को लेकर मध्यरात्रि बाद दो बजे जगदीशपुर रोड पर बांका बरामद करने गयी थी जहां पर खेत में उसने एक सिपाही की राइफल छीन ली और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उसके दाहिने घुटने में गोली लगी। पुलिस ने मौके से बांका बरामद कर आरोपी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया,जहां वह पुलिस निगरानी में है।
