चारधाम यात्रा की तैयारियों पर जिलाधिकारी सख्त: पंजीकरण, ट्रैफिक, स्वास्थ्य एवं ठहराव व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करने के निर्देश 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार में चारधाम यात्रा को सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्ट्रेट एनआईसी कक्ष, रोशनाबाद में गुरुवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित बैठक में संबंधित विभागों की कार्ययोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धालुओं का पंजीकरण ऋषिकुल मैदान में किया जाएगा। 

इसके लिए जर्मन हैंगर युक्त टेंट के माध्यम से अस्थायी पंजीकरण केंद्र स्थापित किया जाएगा, जहां बिजली, पानी, शौचालय, पंखे समेत सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिलाधिकारी ने यहां 20 पंजीकरण काउंटर पालीवार संचालित करने तथा सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक पंजीकरण प्रक्रिया जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण करने को कहा है। 

जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को आवश्यकता पड़ने पर होल्डिंग एरिया चिह्नित करने तथा यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग योजना तैयार करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक (एसपी सिटी) अभय सिंह ने पुलिस तैयारियों की जानकारी दी। यात्रियों के ट्रिप कार्ड/ग्रीन कार्ड और वाहनों से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु एआरटीओ को ऋषिकुल मैदान में हेल्पडेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए गए। 

वहीं, धामों पर अत्यधिक भीड़ या वीकेंड पर हरिद्वार में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए धर्मशालाओं व आश्रमों का चिन्हीकरण कर यात्रियों के ठहराव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही दर्शनीय स्थलों के साइनबोर्ड भी लगाने के निर्देश दिए गए। नगर निगम को पंजीकरण केंद्र और होल्डिंग एरिया में पर्याप्त शौचालय एवं मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था तथा नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। 

मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ऋषिकुल मैदान में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने को कहा गया। जिला पूर्ति अधिकारी को खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने और आपात स्थिति में खान-पान की व्यवस्था के लिए पूर्व तैयारी करने को कहा गया। नगर मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में होटल और रेस्टोरेंट में गैस पाइपलाइन व्यवस्था को बढ़ावा देने हेतु अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। 

उन्होंने बस स्टैंड पर बदरीनाथ और केदारनाथ के लिए बसों की संख्या बढ़ाने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को यात्रा मार्ग के कार्य समय से पूर्ण करने के निर्देश भी बैठक में दिए गए। जिलाधिकारी ने निःशुल्क पंजीकरण केंद्र की जानकारी के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु फ्लेक्स, होर्डिंग और साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए यात्रा को सफल बनाएं। बैठक में एसपी सिटी सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, नगर मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान, उपजिलाधिकारी जितेन्द्र कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। 

संबंधित समाचार