IND vs ZIM T20 WC : भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को दिया 257 रनों का टारगेट
चेन्नई : अभिषेक शर्मा (55), हार्दिक पंड्या (नाबाद 50), तिलक वर्मा (नाबाद 44 ), इशान किशन (38) और सूर्यकुमार यादव (33) की विस्फोटक पारियों की बदौलत भारत ने टी-20 विश्वकप के सुपर आठ मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ टी-20 विश्वकप के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर 256 रन बनाया।
भारत और जिम्बाब्वे के बीच महाटक्कर चेन्नई के एमए चिदम्बरम स्टेडियम में हो रही है। आज यहां जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने 48 रन जोड़े। चौथे ओवर में ब्लेसिंग मुजारबानी ने संजू सैमसन को आउट कर जिम्बाब्वे को पहली सफलता दिलाई। संजू सैमसन ने 15 गेंदों में एक चौका और दो छक्के लगाते हुए 24 रन बनाये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये इशान किशन ने अभिषेक शर्मा के साथ दूसरे विकेट के लिए 72 रन जोड़े।
11वें ओवर में सिकंदर रजा ने इशान किशन को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। इशान किशन ने 24 गेंदों में चार चौके और एक छक्का लगाते हुए 38 रन बनाये। 13वें ओवर में टी मपोसा ने अभिषेक शर्मा का शिकार कर लिया। अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में चार चौके और चार छक्के लगाते हुए 55 रनों की पारी खेली। चौथे विकेट के रूप में सूर्यकुमार यादव आउट हुये। उन्होंने 13 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के उड़ाते हुए 33 रन बनाये। भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में चार विकेट पर 256 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। हार्दिक पंड्या ने 23 गेंदों में दो चौके और चार छक्के उड़ाते हुए नाबाद 50 रनों की विस्फोटक पारी खेली। और तिलक वर्मा ने 16 गेंदों में तीन चौके और चार छक्के लगाते हुए (नाबाद 44) रन बनाये। जिम्बाब्वे के लिए सिकंदर रजा, ब्लेसिंग मुजारबानी, रिचर्ड अंगारावा और टी मपोसा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
