UP : होली पर किसानों के जीवन में खुशहाली का रंग भरेगी योगी सरकार
लखनऊ, अमृत विचार: होली के पर्व पर किसानों की आय और खेती की क्षमता बढ़ाने के लिए योगी सरकार ने बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों को अनुदान पर आधुनिक कृषि यंत्र उपलब्ध कराने जा रही है। इसके लिए बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जो 4 मार्च तक चलेगी। इच्छुक किसान कृषि विभाग की वेबसाइट www.agridarshan.up.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
कृषि विभाग के अनुसार यह पहल किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर खेती को लाभकारी, समयबद्ध और कम लागत वाली बनाने की दिशा में अहम कदम है। सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना के अंतर्गत फार्म मशीनरी बैंक, कृषि ड्रोन, विभिन्न एकल कृषि यंत्र उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अलावा फसल अवशेष प्रबंधन के लिए विशेष कृषि यंत्र और प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेज्ड्यू योजना के तहत भी आवेदन किए जा सकते हैं। साथ ही त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के अंतर्गत बैच ड्रायर और मेज सेलर के लिए भी किसान आवेदन कर सकेंगे।
कृषि यंत्रों की बुकिंग पूरी तरह ऑनलाइन होगी। किसान वेबसाइट पर किसान कॉर्नर के अंतर्गत यंत्र बुकिंग प्रारंभ विकल्प पर क्लिक कर आवेदन कर सकते हैं। बुकिंग टोकन कन्फर्म होने के बाद किसान को 10 दिन के भीतर कृषि यंत्र खरीद कर उसकी रसीद और फोटो पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। सरकार के प्रयासों का असर जमीन पर दिख रहा है। वर्ष 2017-18 से 2025 के बीच प्रदेश में लगभग तीन लाख कृषि यंत्रों का वितरण किया गया है। इसमें 2.31 लाख एकल कृषि यंत्र, 8405 कस्टम हायरिंग सेंटर और 7351 फार्म मशीनरी बैंक शामिल हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनवरी तक 7777 कृषि यंत्र, 51 कस्टम हायरिंग सेंटर और 64 फार्म मशीनरी बैंक स्थापित करने से संबंधित बिल पोर्टल पर अपलोड हो चुके हैं।
